Keralam CMRL pay-off case : चुनाव रिजल्ट के बाद केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनरई विजयन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। CMRL केस को लेकर उन पर उनके परिवार पर शिकंजा कसता जा रहा है। ED ने कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड से जुड़े कथित रिश्वतखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
शिकायत मंगलवार को की गई। ईडी ने अपनी मांग में केरल के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर पूर्व पिनराई विजयन, उनकी बेटी टी वीणा और उनके दामाद व विधायक पीए मोहम्मद रियास के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात कही है। यह पूरा मामला सीएमआरएल और विजयन की बेटी की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ के बीच कथित वित्तीय लेनदेन और पैसों की हेरफेर से जुड़ा है। केंद्रीय जांच एजेंसी की इस सख्त पहल के बाद राज्य में राजनीतिक हलचल अचानक तेज हो गई है।
किन सबूतों का दिया आधार
अधिकारियों के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई मई में की गई छापेमारी का ही अगला चरण है। 27 मई को ईडी की कोच्चि जोन टीम ने सीएमआरएल के निदेशकों- एसएन शशिधरन कर्ता, सरन एस कर्ता, वीणा और उनकी कंपनी एक्सालॉजिक के 10 अलग-अलग ठिकानों पर रेड मारी थी।
यह छापेमारी कोट्टायम, एर्नाकुलम, कन्नूर, तिरुवनंतपुरम और बेंगलुरु में हुई थी। इस दौरान जांच एजेंसी को वित्तीय हेरफेर से जुड़े कई नए डिजिटल सबूत, दस्तावेज और बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट मिले थे।
242 खातों में जमा 18.36 करोड़ रुपये फ्रीज
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार जांच के दौरान ईडी ने अब तक करीब 242 बैंक खातों की पहचान कर उनमें जमा 18.36 करोड़ रुपये की राशि को फ्रीज कर दिया है। हाल ही में एजेंसी ने कोझिकोड में आठ स्थानों पर फिर से तलाशी अभियान चलाया था।
बता दें कि सीएमआरएल एक लिस्टेड कंपनी है, जिसमें 48.75 फीसदी शेयर जनता के पास हैं और 13.41 फीसदी शेयर राज्य सरकार की इकाई के पास हैं। ईडी फिलहाल बरामद सबूतों की गहनता से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें – सहारनपुर में कुआं मिलने पर बोले अवधेश प्रसाद, खुदाई में पुरानी चीजें निकलना कोई नई बात नहीं


Download Android App
Download iOS App



