ट्विटर ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया मंच पर कई एकाउंट पर रोक लगा दी जिनमें कुछ नये विवादास्पद कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के वर्तमान प्रदर्शन से जुड़े हैं। जिन एकाउंट पर रोक लगायी गयी है उनमें किसान एकता मोर्चा(एट द रेट ऑफ किसानएकतामोर्चा) और बीकेयू एकता उग्राहन (एट द रेट ऑफ बीकेयूएकताउग्राहन) शामिल हैं। इन दोनों के हजारों फोलोवर हैं।
इसके अलावा कई व्यक्तियों एवं संगठनों के एकाउंट रोक दिये गये हैं जिनमें एक किसी मीडिया संगठन का एकाउंट है। इस घटनाक्रम पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गयी है। ट्विटर के अनुसार जब किसी एकाउंट पर रोक लगायी जाती है तो उसका मतलब है कि सोशल मीडिया मंच उचित कानूनी मांग के जवाब में पूरे एकाउंट पर रोक लगाने के लिए बाध्य है।
गणतंत्र दिवस पर यहां ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा के आलोक में यह कदम उठाया गया है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की जान चली गयी थी और पुलिसकर्मियों समेत सैंकड़ों लोग घायल हुए थे। किसानों ने तीन नये कृषि कानूनों के विरोध में यह परेड निकाली थी।
दिल्ली पुलिस गणतंत्र दिवस पर हुई हिंसा की जांच कर रही है। उसने कई प्राथमिकियां दर्ज की है तथा कई किसान नेताओं पर मामले दर्ज किये हैं।


Download Android App
Download iOS App



