तमिलनाडु के पूर्व डिप्टी CM उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, थलापति की दोस्त तृषा को लेकर कही थी डबल मीनिंग बात

Summary :

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित एक रैली के दौरान एक्ट्रेस तृषा को लेकर डबल मीनिंग बात की थी। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

घर से उठा ले गई पुलिस

पुलिस की टीम मंगलवार को उदयनिधि स्टालिन के चेन्नई के नीलांकरई स्थित आवास पर पहुंची और उन्हें पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। यह गिरफ्तारी तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली के दौरान दिए गए कथित बयान को लेकर की गई है। इस मामले में राहत पाने के लिए उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दी है, जिस पर आज दोपहर को सुनवाई होगी।

किन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है?

उदयनिधि ने इस पुलिस की इस कार्रवाई को बदले की कार्रवाई बताया। पुलिस ने उनके बयान को लेकर FIR दर्ज कर ली है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 192, 352, 79, 296 (बी), 61 और 351 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा TNPHW एक्ट की धारा 4 और IT एक्ट की धारा 67 में भी मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा विवाद?

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब उदयनिधि स्टालिन तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली दे रहे थे। वह अपने भाषण में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साध रहे थे। इस बीच जनता ने “तृषा-तृषा” के नारे लगाना शुरू कर दिया। इस पर स्टालिन ने जनता से पूछा कि वह तृषा के नारे क्यों लगा रहे हैं और इस दौरान उन्होंने डबल मीनिंग बात कही और अभद्र इशारा किया।

TVK ने की स्टालिन की आलोचना

टीवीके विधायक रेवंत चरण ने उदयनिधि स्टालिन के बयान की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि किसी के खिलाफ भी ऐसी अभद्र टिप्पणी करना स्वीकार नहीं किया जा सकता, ये उनकी घटिया सोच और गिरते राजनीतिक स्तर को दिखाता है।

कौन है तृषा कृष्णन?

तृषा कृष्णन एक फेमस एक्ट्रेस और मॉडल हैं, जो मुख्य रूप से तमिल और तेलुगु सिनेमा में काम करती हैं। वह मुख्यमंत्री विजय के साथ भी कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं, दोनों काफी अच्छे दोस्त माने जाते हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर अलग-अलग चर्चा होती रहती है। दोनों के अफेयर के रूमर्स भी फैले हुए हैं। इसी को लेकर उदयनिधि ने तृषा पर कमेंट किया था, जिसपर वह बुरी तरह फंस गए हैं।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।