नड्डा के काफिले पर हमले की केंद्रीय मंत्रियों ने की निंदा, अमित शाह ने बताया ‘प्रायोजित हिंसा’

Summary :

जे पी नड्डा और महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर हुए हमले की निंदा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्र सरकार इसको गंभीरता से लेने का आग्रह किया।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के काफिले पर हुए हमले की निंदा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार इस हमले को गंभीरता से ले रहा है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इसे बेहद गंभीर घटना बताते हुए इसकी जांच कराए जाने की मांग की है।
हमले पर अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आज बंगाल में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के ऊपर हुआ हमला बहुत ही निंदनीय है, उसकी जितनी भी निंदा की जाये वो कम है। केंद्र सरकार इस हमले को पूरी गंभीरता से ले रही है। बंगाल सरकार को इस प्रायोजित हिंसा के लिए प्रदेश की शांतिप्रिय जनता को जवाब देना होगा।’’ 


उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल शासन में बंगाल अत्याचार, अराजकता और अंधकार के युग में जा चुका है। टीएमसी के राज में पश्चिम बंगाल के अंदर जिस तरह से राजनीतिक हिंसा को संस्थागत कर चरम सीमा पर पहुँचाया गया है, वो लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों के लिए दु:खद भी है और चिंताजनक भी।’’ 

राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के प्रवास के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के काफिले पर हुए हमले के बाद मैंने उनसे फोन पर बात करके उनके कुशल क्षेम की जानकारी प्राप्त की है। यह घटना पश्चिम बंगाल राज्य की गिरती कानून व्यवस्था का परिचायक है। लोकतंत्र में राजनीतिक नेताओं को इस तरह से निशाना बनाना बेहद चिंताजनक है। 


उन्होंने कहा, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले पर हुए हमले की गंभीरता को देखते हुए इसकी पूरी जांच की जानी चाहिए और इस घटना की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।’’ उल्लेखनीय है कि जेपी नड्डा दो दिन के पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं और आज जब वह डायमंड हार्बर जा रहे थे तो उनके काफिले पर हमला किया गया।

Desk Team