Lok Sabha Elections 2024: देश में छठे चरण का चुनाव 25 मई को होना है। इस चरण में उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है। अब तक पांच चरणों में उत्तर प्रदेश के 53 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। वहीं राज्य में छठे चरण के मतदान होने से पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक नया अभियान शुरू कर दिया है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बीजेपी पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने कहा कि जहां दिखे भाजपाई, वहां बिछाओ चारपाई।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“सपा का नया अभियान, जहां दिखे भाजपाई, वहां बिछाओ चारपाई! इस अभियान के तहत जब भी कोई भाजपाई या उनके संगी-साथी आपके पास आएं तो प्रेम से बिठाकर, उनके कुछ बोलने से पहले ही उनसे पूछिएगा. भाजपा संविधान क्यों बदलना चाहती है? भाजपा आरक्षण क्यों खत्म करना चाहती है? भाजपा सामाजिक न्याय के लिए जातिगत जनगणना का विरोध क्यों करती है? भाजपा किसान विरोधी क़ानून बार-बार क्यों लाती है? भाजपा ने किसानों को कुचलनेवालों को टिकट क्यों दिया? भाजपा महिलाओं पर शर्मनाक अत्याचार करनेवाले अपने पार्टी के लोगों को क्यों बचाती है?”
इसके साथ ही पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लिखा-“भाजपा पेपर लीक करा के युवाओं से नौकरी के अवसर क्यों छीन रही है? भाजपा मुनाफ़ाखोरी को बढ़ावा देकर कारोबारियों से चुनावी चंदा वसूलकर महँगाई क्यों बढ़ा रही है? भाजपा ने कोरोना की जानलेवा वैक्सीन जनता को क्यों लगवायी?”
आपको बता दें कि छठे चरण में 57 लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होना है। इस चरण में बिहार की 8 सीटें, हरियाणा की सभी 10 सीटें, जम्मू-कश्मीर की 1 सीट, झारखंड की 4, दिल्ली की सभी 7 सीटें, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 14 और पश्चिम बंगाल की 8 सीटें शामिल हैं। इस चरण में कुल 889 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। गुरुवार को राजधानी दिल्ली में तीनों दलों ने पूरी ताकत झोंक दी थी।


Download Android App
Download iOS App




