जन औषधि केंद्र से दवाओं पर 70% तक की बचत, लाभार्थियों ने जताया आभार

Summary :

जन औषधि केंद्र से सस्ती दवाएं, जनता ने जताया आभार

मध्य प्रदेश के जावद नगर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र से दवाओं पर 70% तक की छूट मिल रही है, जिससे स्थानीय लोग प्रसन्न हैं। इस पहल के माध्यम से गरीब मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं सस्ती दरों पर उपलब्ध हो रही हैं। लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस योजना के लिए धन्यवाद दिया है।

मध्य प्रदेश के नीमच जिले स्थित जावद नगर में बस स्टैंड के पास प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के खुलने से लाभार्थी प्रसन्न हैं। अच्छी दवाएं सस्ती दरों पर तो मिल ही रही हैं, जेब पर असर भी कम पड़ रहा है। इन पर 10 प्रतिशत से 70 प्रतिशत तक छूट है, जिससे दवाइयों पर होने वाले खर्च में बड़ी बचत हो रही है। जन औषधि केंद्र योजना के लिए जावद क्षेत्रवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्‍यवाद दिया है। जावद के प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की संचालिका और फार्मासिस्ट पूजा चंद्रावत ने बताया कि मैंने मंदसौर से बीफार्मा किया है और शादी के बाद जावद में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोला है। प्रधानमंत्री मोदी की यह योजना गरीब मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद है। हमारे यहां उच्च गुणवत्ता वाली कम दर पर दवाइयां मिलती हैं। बाजार में 50 रुपये में बिकने वाला सैनिटरी पैड मात्र 15 रुपये में मिलता है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहना चाहूंगी, जिन्होंने हर आम जनता के लिए ये योजना चलाई है। मैं आप सब से अनुरोध करती हूं कि आप सब जन औषधि केंद्र आएं और इस योजना का फायदा उठाएं।

जन औषधि केंद्र पर दवा लेने आए खरीदार अरुण पोरवाल ने बताया कि यहां दवा मार्केट रेट से काफी कम है, लगभग 50 से 80 प्रतिशत तक का अंतर है। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने गरीब जनता का ध्यान रखा और इस तरह का औषधि केंद्र पूरे देश में खुलवाया। यहां की दवाइयों की गुणवत्ता तो अच्छी है ही और इन पर छूट भी अच्छी खासी है।

पत्नी के लिए दवा लेने पहुंचे कैलाश चंद्र धाकड़ ने बताया, “प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर दवा खरीदने आया हूं। पत्‍नी के हार्ट का ऑपरेशन हुआ है। इसके बाद 8 महीने से रेगुलर दवाइयां चल रही हैं। यहां बाजार की तुलना में अलग-अलग दवाइयों पर 40 से 50 प्रतिशत तक छूट का लाभ मिलता है। प्रधानमंत्री की यह योजना काफी अच्छी है, जिससे हमारी बचत हो रही है। यहां की खरीदी दवाइयों के बारे में हमने डॉक्टर को बताया तो उन्होंने कहा ये भी अच्छी हैं। उन्होंने इन पर कोई आपत्ति नहीं की, उसके बाद हम नियमित तौर पर दवाएं ले रहे हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.