संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने कोविड-19 की चिंताजनक स्थिति के मद्देनजर जून में होने वाली सिविल सेवा की प्रारंभिक (प्रीलिम्स) परीक्षा गुरुवार को स्थगित कर दी। अब यह परीक्षा 10 अक्टूबर को होगी। आयोग हर साल तीन चरणों प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार में सिविल सेवा परीक्षा कराता है, जिसमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी चुने जाते हैं।
यूपीएससी ने एक बयान जारी कर कहा कि कोरोना वायरस के कारण पैदा हुई परिस्थितियों के मद्देनजर संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2021 स्थगित कर दी है जो 27 जून 2021 को होनी थी। अब यह परीक्षा 10 अक्टूबर 2021 को आयोजित की जाएगी।
सोशल मीडिया पर छात्र लंबे समय से परीक्षा स्थगित करने की मांग कर रहे थे। पिछले वर्ष भी कोरोना संक्रमण के खतरे के चलते सिविल सर्विस परीक्षा 31 मई से स्थगित कर 04 अक्टूबर 2020 को आयोजित किया गया था। आयोग इससे पहले कंबाइंड मेडिकल परीक्षा और अन्य परीक्षाएं भी स्थगित कर चुका है। जिन छात्रों ने एग्जाम में शामिल होने के लिए आवेदन किया है, वे कोई भी अपडेट पाने के लिए आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर नज़र रखें।


Download Android App
Download iOS App



