US द्वारा भारत को PAK और सीरिया जैसे देशों की श्रेणी में डाले जाने पर कांग्रेस ने PM मोदी पर किया कटाक्ष

Summary :

अमेरिका ने भारत में कोरोना संकट, अपराध और आतंकवाद को वजह बताते हुए अपने नागरिकों को भारत की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।

भारत के साथ गहरी दोस्ती के तमाम दावे करने वाले अमेरिका ने अपने नागरिकों को भारत की यात्रा न करने की सलाह दी है। इसके साथ ही अमेरिका ने भारत की यात्रा के लिए रेटिंग चार निर्धारित की है, जिसे सबसे खराब माना जाता है। इस श्रेणी में भारत के अलावा युद्धग्रस्त सीरिया, आतंकवाद का केंद्र पाकिस्तान, और यमन जैसे देश शामिल शामिल हैं।
अमरीका द्वारा लिए गए इस निर्णय पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बुधवार को ट्वीट करते हुए लिखा, क्या भारत की तुलना अब पाकिस्तान-सीरिया से की जाएगी, वो भी एक मित्र देश द्वारा? मोदी है तो ये भी मुमकिन है।

दरअसल, अमेरिका ने भारत में कोरोना संकट, अपराध और आतंकवाद को वजह बताते हुए अपने नागरिकों को भारत की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है। अमेरिका के इस कदम से भारतीय टूरिज्म महासंघ (FAITH) में खासी नाराजगी है। फेथ ने इस मामले में भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।

फेथ ने कहा कि सरकार इसे प्राथमिकता के आधार पर उठाए ताकि देश के बारे में बन रही नकारात्‍मक छवि को रोका जा सके। इस समय पर्यटन उद्योग कोरोना महामारी की वजह से गंभीर संकट से गुजर रहा है और जल्‍द ही भारत में यह उद्योग फिर से अपने आपको शुरू करने जा रहा है। 
अमेरिका 23 अगस्‍त को जारी इस ट्रैवल एडवाइजरी में कहा है कि भारत में कोरोना संकट है। इसके अलावा देश में अपराध और आतंकवाद में तेजी आई है, इसलिए अमेरिकी नागरिक भारत की यात्रा न करें। अमेरिका ने अपने अडवाइजरी की कुछ अन्‍य वजहों में महिलाओं के खिलाफ अपराध और उग्रवाद को भी कारण बताया है। 

Desk Team