इंदौर, 13 मार्च (आईएएनएस)। काव्या मारन की सनराइजर्स लीड्स द्वारा द हंड्रेड लीग में पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को टीम में शामिल किए जाने का लगातार विरोध रहा है और सोशल मीडिया पर उनकी टीम सनराइजर्स लीड्स को बायकॉट करने की बहस छिड़ गई है।
इस फैसले का कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने कड़ा विरोध किया है और कहा है कि भारतीय क्रिकेटरों को खरीदा जाना चाहिए और भारत का पैसा भारत में ही रहना चाहिए। अब उसी पैसे से पाकिस्तान भारत पर मिसाइलें दागेगा।
इंदौर में सनातन प्रीमियर लीग में पहुंचे कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया और सनातनी प्रीमियर लीग पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ऐसे खेलों का आयोजन होते रहना चाहिए क्योंकि भगवान श्री कृष्ण ने भी बहुत सारे खेल खेले थे और इससे युवा फिट भी रहते हैं। सनातन प्रीमियर लीग न सिर्फ बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है बल्कि उनके भविष्य को भी निखारने का काम करता है।
पाकिस्तानी स्पिनर अबरार अहमद को खरीदने के सवाल पर उन्होंने कहा, भारतीय क्रिकेटरों को खरीदा जाना चाहिए। इससे भारत का रुपया भी मजबूत होगा। भारत को आत्मनिर्भर होना जरूरी है और यह समझ नहीं आता कि भारत के कुछ लोगों को पाकिस्तान से इतना प्यार क्यों है। वे भारत के खिलाड़ियों को खेलने का मौका क्यों नहीं देते हैं।
वहीं, कथावाचक देवकीनंदन महाराज ने भी सनातन प्रीमियर लीग में युवाओं व बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए पहुंचे। उन्होंने कहा कि बच्चों को देखकर लग ही नहीं रहा है कि यह पहली बार खेल रहे हैं। बच्चों के भीतर प्रतिभा है, बस उन्हें खेलने के लिए सही मंच नहीं मिल पा रहा है। अगर पहले आयोजन को लोगों का प्यार मिला तो हर साल सनातन प्रीमियर लीग का आयोजन बच्चों के लिए किया जाएगा।
बता दें कि इंदौर में सनातन प्रीमियर लीग 12 से 15 मार्च तक चलेगा और कई राज्यों की टीमों ने इस आयोजन में भाग लिया है। जीतने वाली टीम को 31 लाख रुपये से अधिक के पुरस्कार मिलेंगे।
–आईएएनएस
पीएस/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)























