Uttarakhand: उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों में सोमवार को भी बारिश होती रही जबकि मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून में मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है जिसके मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन जिले भर के सभी स्कूलों को बंद रखे का आदेश दिया है।
Highlights
- Uttarakhand में कई स्थानों पर भारी बारिश
- देहरादून में मंगलवार को स्कूल रहेंगे बंद
- उत्तराखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट’ जारी
Uttarakhand में कई स्थानों पर भारी बारिश
उत्तराखंड (Uttarakhand) के देहरादून मौसम केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, देहरादून में 52 मिमी जबकि हरिद्वार जिले के लक्सर में 98 मिमी बारिश दर्ज की गयी । गढ़वाल क्षेत्र के पौड़ी और टिहरी जिले में मध्यम वर्षा हुई । देहरादून में सोमवार तड़के शुरू हुई बारिश से कुछ घंटों में ही राजपुर रोड, गांधी रोड, प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक, हरिद्वार रोड, शिमला बाईपास और आशारोड़ी चौक जैसे शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गयी ।
उत्तराखंड के कई जिलों में येलो अलर्ट’ जारी
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए टिहरी, देहरादून और हरिद्वार जिलों में बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था जबकि देहरादून जिले में मंगलवार को कहीं-कहीं बादलों के गरजने और बिजली के चमकने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है । मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर देहरादून की जिलाधिकारी सोनिका ने पहली से 12वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को मंगलवार को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
भूस्खलन के कारण कई मार्गों पर यातायात अवरूद्ध
उधर, बारिश के चलते भूस्खलन के कारण कई मार्गों पर यातायात अवरूद्ध हो गया है । उत्तरकाशी जिले में ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बिशनपुर के पास भूस्खलन से बाधित हो गया जिससे कांवड़ियों समेत अनेक यात्री मार्ग के दोनों ओर फंसे गए । अधिकारियों ने कहा कि मार्ग को खोलने का प्रयास जारी है ।


Download Android App
Download iOS App



