मुंबई, 17 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा विधायक राम कदम ने वंदे मातरम के सम्मान, सोनम वांगचुक के आंदोलन और विपक्षी नेताओं के बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं बल्कि देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक माध्यम वंदे मातरम है।
भाजपा विधायक राम कदम ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि कई बार विपक्ष के नेताओं की ओर से वंदे मातरम् को लेकर आपत्तिजनक रुख देखने को मिला है।
उन्होंने कहा, “यदि कोई कहता है कि हम वंदे मातरम नहीं बोलेंगे, तो यह सवाल उठता है कि क्या वे देश की भावना का सम्मान करते हैं?” महाराष्ट्र सरकार और केंद्र सरकार के लिए यह मुद्दा किसी राजनीतिक दल से ऊपर उठकर देश और मातृभूमि के प्रति प्रेम का विषय है। वंदे मातरम् के अपमान या गायन में बाधा डालने पर किसी भी संभावित कानूनी प्रावधान का स्वागत करना चाहिए।
सोनम वांगचुक के आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक ने अभिनेता आमिर खान के अभिव्यक्ति के अधिकार का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन आंदोलन के पीछे शामिल लोगों और उसकी टाइमिंग पर सवाल उठाए। राम कदम ने आरोप लगाया कि कुछ लोग आंदोलन की आड़ में देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी के कोई मुद्दे या सवाल हैं तो उन्हें संसद में उठाया जाना चाहिए, जहां सरकार जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कुछ लोग मीडिया के सामने आकर देश को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार छात्रों और देश के हर नागरिक के साथ खड़ी है और उनके हितों की रक्षा के लिए काम कर रही है।
कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए राम कदम ने जयराम रमेश और राहुल गांधी के बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संसद में उठाए जाने वाले हर सवाल का जवाब देने के लिए केंद्र सरकार तैयार है। उन्होंने विपक्ष से संसद की कार्यवाही में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सदन के बाहर मीडिया के सामने आरोप लगाने के बजाय मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।
राम कदम ने राहुल गांधी को लेकर भी तंज कसा और कहा कि संसद सत्र शुरू होने से पहले ही उनके “लापता” होने की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने कांग्रेस से इस पर जवाब देने की मांग की। भाजपा विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाने का अधिकार सभी को है, लेकिन देशहित और संसद की गरिमा का ध्यान रखना भी जरूरी है।
–आईएएनएस
एसएके/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



