प्रयागराज, 16 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर ‘वंदे मातरम’ के अपमान का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में राष्ट्रगीत को बीच में रोकना राष्ट्रगीत और भारत माता का अपमान है।
केशव प्रसाद मौर्य ने इस मामले में कांग्रेस से देश से तत्काल माफी मांगने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में ‘वंदे मातरम’ को बीच में रोककर राष्ट्रगीत और भारत माता का घोर अपमान किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की यह मानसिकता उसकी तुष्टिकरण की राजनीति से जुड़ी हुई है। ‘वंदे मातरम’ के छह छंदों में भारत माता की उपासना देवी दुर्गा, सरस्वती और लक्ष्मी के स्वरूप में की गई है। कांग्रेस अपनी तुष्टिकरण और भारत विरोधी राजनीति के कारण इसे स्वीकार नहीं कर पा रही है। राष्ट्रगीत के अपमान को सामान्य घटना के तौर पर नहीं देखा जा सकता।
केशव प्रसाद मौर्य ने आरोप लगाया कि यह उसी मानसिकता का हिस्सा है, जिसने 1947 में देश का विभाजन कराया। उन्होंने इसे गैरकानूनी कृत्य बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से इस मामले में देश से तत्काल माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों से कथित ‘अर्बन और वैचारिक नक्सलवाद’ के खिलाफ एकजुट होकर जनजागरण अभियान चलाने और इसका विरोध करने की अपील की। केशव मौर्य ने मेडिकल कॉलेजों को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का बयान तथ्यहीन है। मेडिकल कॉलेजों में वर्तमान में काउंसलिंग की प्रक्रिया चल रही है और वहां पढ़ने वाले छात्र तथा पढ़ाने वाले शिक्षक मौजूद हैं।
अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके परिवार में केवल लठैत हैं, वे शिक्षा को नहीं समझ सकते। उन्होंने कहा कि अगर उनके परिवार में भी पढ़ने वाले होंगे तो वे मेडिकल कॉलेज जाकर पढ़ सकते हैं। प्रदेश में एंबुलेंस सुविधा को लेकर विपक्ष की आलोचना पर उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में किसी एक घटना को पूरे राज्य से जोड़कर पेश करना केवल राजनीतिक बयानबाजी है। राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक को आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
–आईएएनएस
विकेटी/एसके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



