लव जिहाद के खिलाफ वीएचपी की सख्त कानून बनाने की मांग, सरकार से कठोर कदम उठाने का अनुरोध

Summary :

वीएचपी ने लव जिहाद पर सख्त कानून बनाने का अनुरोध किया

जयपुर में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने लव जिहाद और लैंड जिहाद के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग उठाई है। वीएचपी के क्षेत्र मंत्री सुरेश उपाध्याय ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिन पर सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि लव जिहाद और लैंड जिहाद के खिलाफ कठोर कानून बनाया जाए।

वीएचपी के पदाधिकारी ने कहा कि हिंदू लड़कियों को बहला-फुसलाकर फंसाने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई हो। ऐसे मामलों को हल्के में लेने वाले पुलिस प्रशासन पर भी सरकार कार्रवाई करे। उन्होंने जयनगर, ब्यावर, भीलवाड़ा की घटना को हालिया उदाहरण बताया, जिसमें आरोप है कि मुस्लिम युवक हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसा रहे हैं, उनके साथ अपराध कर ब्लैकमेल कर रहे हैं।

सुरेश उपाध्याय ने कहा कि इस काम में समाज की कुछ महिलाएं भी शामिल हैं, जो उन युवकों की मदद करती हैं। आरोपी युवक पहले बच्चियों को बहलाते हैं, फिर उन बच्चियों को ले जाकर उनका अश्लील वीडियो बनाते हैं और वीडियो के आधार पर उन्हें ब्लैकमेल करते हैं। बच्चियां डर के मारे अपने घर पर नहीं बताती हैं, जिससे अपराध दब जाता है।

उन्होंने कहा कि मां-बाप सोचते हैं कि बेटी तो गई अब इज्जत भी जाएगी, जिस वजह से वे इस मामले को नहीं उठा पाते हैं। कई बार हमें ऐसी घटनाओं की जानकारी मिली है, लेकिन परिवार से बात करने पर वे इज्जत के मारे मुकर जाते हैं और हमारे संगठन पर ही गलत आरोप लगा देते हैं। हमें बदनाम करते हैं।

वीएचपी का कहना है कि प्रदेश के हर जिले में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन इन मामलों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। संगठन ने सरकार से जल्द से जल्द सख्त कानून बनाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.