तीन जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, श्रद्धालुओं के लिए होगी विशेष व्यवस्था

Summary :

श्रद्धालुओं के लिए ई-केवाईसी और ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को राजभवन में श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) की 48वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष श्री अमरनाथ जी यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी और 9 अगस्त तक चलेगी। यह यात्रा दोनों मार्गों—पहलगाम (जिला अनंतनाग) तथा बालटाल (जिला गांदरबल) से एक साथ संचालित होगी।

बैठक में इस वर्ष संभावित अधिक तीर्थयात्रियों की संख्या को देखते हुए विभिन्न सुविधाओं को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। जम्मू, श्रीनगर और अन्य प्रमुख स्थलों पर ठहरने की क्षमता बढ़ाने, ई-केवाईसी सुविधा केंद्रों के संचालन, आरएफआईडी कार्ड जारी करने और नौगाम व कटरा रेलवे स्टेशनों सहित कई स्थानों पर ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था पर चर्चा हुई।

इस दौरान इस बात पर भी चर्चा की गई कि आवश्यकता पड़ने पर बालटाल, पहलगाम, नुनवान, पंथा चौक श्रीनगर में भी इन सुविधाओं को बढ़ाना चाहिए। संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपराज्यपाल ने यात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त व्यवस्था और अपेक्षित सुविधाएं सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने यात्री निवास पंथा चौक, श्रीनगर में क्षमता बढ़ाने के बारे में अधिकारियों से बात की। इसके साथ ही घाटी में चल रही परियोजनाओं, यात्रा से संबंधित सूचनाओं के प्रसार, यात्रियों, सेवा प्रदाताओं, टट्टुओं को बीमा कवर, श्राइन बोर्ड द्वारा ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार, यात्रा ट्रैक का चौड़ीकरण और रखरखाव, पवित्र गुफा और निचली पवित्र गुफा क्षेत्र में भीड़ कम करने के उपाय, आपदा से निपटने की तैयारी, चिकित्सा देखभाल सुविधाओं समेत जरूरी बातों पर विचार-विमर्श किया गया।

बता दें कि पिछले साल (2024) 52 दिनों तक अमरनाथ यात्रा चली थी, इस दौरान करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। बीते वर्ष 29 जून को अमरनाथ यात्रा शुरू हुई थी और 19 अगस्त को यात्रा का समापन हुआ था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.