वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया था, देश माफ नहीं करेगा : अमित शाह

Summary :

चित्तौड़गढ़, 16 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने राजस्थान सरकार के 15 जिलों में करीब 5659 करोड़ रुपए की लागत वाले 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के मंच पर पहुंचते ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमित शाह का पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया। संबोधन में अमित शाह ने वंदे मातरम का जिक्र करते हुए कहा, “कांग्रेस ने वोट बैंक के लालच में वंदे मातरम को…

चित्तौड़गढ़, 16 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 21 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने राजस्थान सरकार के 15 जिलों में करीब 5659 करोड़ रुपए की लागत वाले 944 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के मंच पर पहुंचते ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अमित शाह का पारंपरिक साफा पहनाकर स्वागत किया।

संबोधन में अमित शाह ने वंदे मातरम का जिक्र करते हुए कहा, “कांग्रेस ने वोट बैंक के लालच में वंदे मातरम को भुला दिया था। बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर रचना के इन शब्दों को बोलते हुए हजारों-लाखों स्वतंत्रता सेनानी फांसी पर चढ़ गए, गोलियां खाईं और सालों तक जेल में रहे।”

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था, तब कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी ने बीच में ही गीत रुकवा दिया। हम सब टीवी पर देख रहे थे। 80 साल बाद यह अमर गान फिर से सम्मान पा रहा था लेकिन सोनिया गांधी को यह रास नहीं आया। आपके द्वारा किया गया यह पाप देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।” गृह मंत्री ने कहा कि यह वंदे मातरम का 150वां साल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से वंदे मातरम को फिर से नया जीवन देने का काम किया है।

विकास कार्यों का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि आज 15 जिलों में 5659 करोड़ के 944 कामों का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं की तुलना करते हुए कहा, “जब प्रधानमंत्री मोदी ने हर घर नल और हर घर जल योजना शुरू की, तब राजस्थान के सिर्फ 11 लाख घरों में पानी पहुंचा था। 70 सालों में कांग्रेस ने 11 लाख घरों तक पानी पहुंचाया था लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने केवल 8 सालों में 64 लाख घरों तक पानी पहुंचाने का काम किया है।”

उन्होंने कहा, “70 साल में कांग्रेस ने जो काम किया, उससे 6 गुना ज्यादा काम प्रधानमंत्री मोदी ने 8 सालों में किया है।” अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए कहा कि आज चित्तौड़गढ़ की इस पवित्र भूमि पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी के व्यक्तित्व के अनुरूप भव्य प्रतिमा और स्मारक बनाने का काम किया है। 1.5 करोड़ रुपए की लागत से बनी यह प्रतिमा ‘अटल जी’ के विचारों को दर्शाती है। उन्होंने इस काम से जुड़े हर कार्यकर्ता को साधुवाद दिया।

उन्होंने कहा, “सैकड़ों वर्षों से राजस्थान की वीर भूमि देशभर के देशभक्तों के लिए वीरता की काशी रही है। इसी भूमि ने मुगलों को यह संदेश दिया कि हमें कोई झुका नहीं सकता।”

अमित शाह ने कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी पत्रकार बने तो कलम से राष्ट्रभक्ति को आगे बढ़ाया। कवि बने तो शब्दों से राष्ट्रभक्ति को आगे बढ़ाया और प्रधानमंत्री बने तो राष्ट्र की सुरक्षा और सुशासन को आगे बढ़ाया। उन्होंने न सत्ता में रहकते सिद्धांत छोड़ा, न विपक्ष में रहते सिद्धांत छोड़ा, इसीलिए उन्हें आजाद शत्रु कहा जाता है, जिसका कोई शत्रु नहीं है ऐसे महापुरुष के रूप में जाना जाता है।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

–आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.