मुंबई, 14 अगस्त (आईएएनएस)। फिल्ममेकर सुभाष घई ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए जेन-जी को खुद पर भरोसा करने, आत्मनिर्भरता और कड़ी मेहनत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जेन-जी इन सभी से समाज में बड़ा बदलाव लाना चाहता है।
सुभाष घई ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने बताया कि जेन-जी लड़ाई-झगड़े की बजाय शांति को चुनना पसंद करती है।
फिल्ममेकर ने लिखा, “जब मैं अपने माता-पिता से कहूं कि मैं अपनी मेहनत और हुनर के दम पर आगे बढ़ूंगा तो मुझे अपनी जरूरतों या काम के लिए दूसरों से अतिरिक्त पैसे या मदद मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। अगर हर इंसान ईमानदारी से अपने दम पर आगे बढ़ने की कोशिश करे तो भ्रष्टाचार अपने आप कम होने लगेगा।”
उन्होंने लिखा, “व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई हमेशा बाहर से नहीं लड़ी जा सकती, क्योंकि हम भी इसी व्यवस्था का हिस्सा हैं। इसलिए सबसे पहले हमें खुद से शुरुआत करनी होगी और अपने देश का अच्छा चरित्र बनाना होगा। माता-पिता से बस यही निवेदन है कि अपने बच्चों पर भरोसा करें और उन्हें अपनी मेहनत और काबिलियत से आगे बढ़ने का मौका दें।”
सुभाष घई ने जोर दिया कि भ्रष्टाचार सिर्फ नेताओं की वजह से नहीं, बल्कि आम लोगों की गलत आदतों और समझौते की वजह से भी बढ़ता है। अगर हम सच में बदलाव चाहते हैं, तो हमें खुद ईमानदारी से शुरुआत करनी होगी।”
सुभाष घई की फिल्मों की बात करें तो वो कई सुपरहिट फिल्मों से जुड़े रहे हैं। इनमें ‘कालीचरण,’ ‘विश्वनाथ,’ ‘कर्ज,’ ‘क्रोधी,’ ‘हीरो,’ ‘विधाता,’ ‘मेरी जंग,’ ‘कर्मा,’ ‘राम लखन,’ ‘सौदागर,’ ‘खलनायक,’ ‘परदेस,’ और ‘ताल’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी आखिरी फिल्म थी ‘कांची: द अनब्रेकेबल,’ जो 2014 में रिलीज हुई थी। ये एक ड्रामा फिल्म थी।
इस फिल्म से एक्ट्रेस मिष्टी चक्रवर्ती ने डेब्यू किया था। साथ ही इसमें कार्तिक आर्यन भी अहम रोल में थे। इसके अलावा ऋषि कपूर और मिथुन चक्रवर्ती जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आए थे।
–आईएएनएस
एनएस/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



