West Bengal: दो गुटों में आपसी झड़प, जमकर चले ईंट-पत्थर, पुलिस पर भी हुआ हमला

Summary :

पश्चिम बंगाल में दो गुटों के बीच आपसी झड़प

पश्चिम बंगाल के रवींद्रनगर स्थित अकरा संतोषपुर इलाके में बुधवार को दो गुटों के बीच शुरू हुई झड़प होने से बवाल मच गया है. देखते ही देखते इस झड़प ने भयावह रूप ले लिया और पूरा क्षेत्र युद्ध क्षेत्र जैसा दिखाई देने लगा.

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां रवींद्रनगर स्थित अकरा संतोषपुर इलाके में बुधवार को दो गुटों के बीच शुरू हुई झड़प होने से बवाल मच गया है. देखते ही देखते इस झड़प ने भयावह रूप ले लिया और पूरा क्षेत्र युद्ध क्षेत्र जैसा दिखाई देने लगा. हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने कई बाइक को आग के हवाले कर दिया और पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया गया.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया, जिससे एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं एक महिला पुलिस अधिकारी को सिर पर ईंट लगने से गहरी चोट आई है. झड़प के दौरान कई उपद्रवी लोगों ने अपने घरों की छत से पुलिस और विरोधी गुट पर ईंटों की बारिश शुरू कर दी. हिंसा यहीं नहीं रुकी, कई दुकानों और घरों को आग के हवाले कर दिया गया. पुलिस ने शुरुआत में स्थिति को काबू में लाने की कोशिश की, लेकिन दोपहर बाद हालात और बिगड़ गए.

पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे. कई पुलिसकर्मी सफेद रूमाल लेकर शांति स्थापित करने की कोशिश में आगे बढ़े, लेकिन उन पर भी ईंटों से हमला किया गया. पुलिस की एक गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

शुरू हुई राजनीतिक बयानबाजी

घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है. विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है. उन्होंने भवानी भवन पहुंचकर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए. इस पर तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि घटना की जांच प्रशासन और पुलिस कर रही है. उन्होंने इस मुद्दे पर किसी भी प्रकार की राजनीतिक टिप्पणी करने से इनकार किया.

West Bengal News

जानें कैसे शुरू हुआ विवाद?

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह झड़प फल की दुकान खोलने को लेकर शुरू हुई थी. मामूली विवाद ने दो गुटों के बीच हिंसक टकराव का रूप ले लिया. महेशतला क्षेत्र में कई घरों में तोड़फोड़ की गई और रवींद्रनगर थाने के पास एक बाइक जला दी गई. फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।