‘जब प्रदर्शन हिंसक हो जाए तो पुलिस क्या करे?’: पैलेट गन सुनवाई पर सुप्रीम कोर्ट की अहम टिप्पणी

Summary :

दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हिंसक हालात में पुलिस के पास बल प्रयोग का नियम है। कोर्ट ने घायलों के इलाज के निर्देश दिए।

SC on Pellet gun Plea

SC on Pellet gun Plea : दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा कि जब विरोध प्रदर्शन हिंसक हो जाता है और लाठीचार्ज या आंसू गैस से हालात काबू में नहीं आते, तब पुलिस के पास बल प्रयोग का प्रावधान होता है।

कोर्ट ने सवाल उठाया कि अगर कोई प्रदर्शन उपद्रवियों के हाथ में चला जाए, तो पुलिस को सुरक्षा के उपाय करने से कैसे रोका जा सकता है। हालांकि, बेंच ने दिल्ली सरकार को निर्देश दिया है कि पैलेट गन की फायरिंग में घायल हुए सभी प्रदर्शनकारियों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए।

‘ग्रेडेड अप्रोच’ के तहत होता है इस्तेमाल : SC

SC on Pellet gun Plea

पूर्व आईपीएस अधिकारी यशोवर्धन आजाद की याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ और जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि पुलिस नियमावली में चरणबद्ध तरीके यानि ‘ग्रेडेड रिस्पॉन्स’ से कार्रवाई का नियम है। याचिकाकर्ता की वकील वृंदा ग्रोवर ने दलील दी कि प्रदर्शनकारियों पर धातु वाले छर्रे दागे गए, जो शरीर के अंदर पाए गए हैं।

इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि अदालत छर्रों के इस्तेमाल की जांच के खिलाफ नहीं है, लेकिन याचिकाकर्ता को यह साबित करना होगा कि क्या इनका इस्तेमाल नियमों के खिलाफ जाकर मनमाने ढंग से हुआ।

सीजेआई ने सुझाव दिया कि याचिकाकर्ता को पूरी तरह रोक लगाने के बजाय इसके इस्तेमाल के लिए एक सख्त प्रोटोकॉल तय करने की मांग करनी चाहिए। अदालत ने केंद्र सरकार को त्वरित कार्यबल (RAF) के गोला-बारूद का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के आदेश भी दिए।

यह भी पढ़ें – भारतीय टीम की ‘भगवा’ जर्सी पर छिड़ा विवाद, पूर्व कप्तान वीरेन रासकिन्हा ने उठाए सवाल

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।