Ministry of Panchayati Raj : पंचायती राज मंत्रालय ने देश भर की ग्राम पंचायतों के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए नागरिकों की भागीदारी वाली ‘दानवीर’ योजना को लॉन्च किया। पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज ने इस योजना को लॉन्च किया। बता दें कि ‘दानवीर’ एक ऐसा प्लेटफ़ॉर्म है जिसे न केवल ग्राम पंचायतों में कंप्यूटर की तत्काल कमी को पूरा करने के लिए, बल्कि स्थानीय संस्थाओं को मज़बूत करने के लिए नागरिकों की भागीदारी वाले एक दीर्घकालिक इकोसिस्टम के रूप में विकसित करने के लिए डिजाइन किया गया है।
यह एक पारदर्शी, एंड-टू-एंड डिजिटल और वेरिफिएबल प्लेटफॉर्म है जो नागरिकों और संगठनों को भारत में ग्राम पंचायतों की पहचानी गई टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी जरूरतों में योगदान करने में सक्षम बनाएगी। पंचायती राज मंत्रालय ने इसे नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) और डिजिहाट के सहयोग से विकसित किया है। इस अवसर पर विवेक भारद्वाज ने ‘दानवीर’ को ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल दुनिया भर के नागरिकों को अपने पैतृक गांवों के विकास में सार्थक योगदान देकर अपनी जड़ों से फिर से जुड़ने का मौका देगी।



Download Android App
Download iOS App




