आखिर क्यों कर्नल सोफिया कुरैशी मामले में Supreme Court ने टाली सुनवाई? जानें वजह

Summary :

सुप्रीम कोर्ट ने कर्नल सोफिया मामले की सुनवाई क्यों टाली?

सुप्रीम कोर्ट ने कर्नल सोफिया कुरैशी मामले की सुनवाई जुलाई तक टाल दी है। मध्य प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल की प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की, जिसमें जांच शुरुआती चरण में है। कोर्ट ने कहा कि जब तक हाईकोर्ट की कार्यवाही पूरी नहीं होती, सुप्रीम कोर्ट सुनवाई नहीं बढ़ाएगा।

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट में आज यानी 28 मई को मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कुंवर विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई टिप्पणी मामले में सुनवाई हुई. इस दौरान कोर्ट को बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत कर दी है. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को जानकारी दी कि तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों वाली SIT का गठन हो चुका है और जांच प्रक्रिया चल रही है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रिपोर्ट में बताया गया कि 21 मई को SIT ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सबूत इकट्ठा किए, एक मोबाइल फोन जब्त किया और कई गवाहों के बयान दर्ज किए हैं. सुप्रीम कोर्ट ने माना कि फिलहाल जांच शुरूआती चरण में है, इसलिए रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता.

जुलाई में होगी अगली सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि वह जांच के लिए और समय दे रहा है तथा अंतरिम आदेश जारी रहेगा. कोर्ट ने यह भी कहा कि इस मामले की सुनवाई फिलहाल मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में भी चल रही है, इसलिए जब तक वहां की कार्यवाही पूरी नहीं होती, सुप्रीम कोर्ट इस मामले की सुनवाई आगे नहीं बढ़ाएगा. अगली सुनवाई जुलाई के तीसरे सप्ताह में निर्धारित की गई है.

सुप्रीम कोर्ट ने दी ये हिदायत

सुनवाई के दौरान कुछ याचिकाकर्ताओं द्वारा मामले में सीधे हस्तक्षेप की कोशिश पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वे अन्य वैधानिक उपाय अपनाएं, सीधे इस प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं कर सकते.

पाकिस्तान सीमा से सटे राज्यों में कल शाम होगी मॉक ड्रिल

SIT में कौन हैं सदस्य?

सुप्रीम कोर्ट ने 19 मई को SIT गठित करने का निर्देश दिया था. कोर्ट ने आदेश दिया था कि इस टीम में तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल हों, जिनका मूल निवास मध्य प्रदेश न हो. इसके अलावा टीम में एक महिला अधिकारी को भी शामिल किया गया है. इस SIT की अगुवाई सागर जोन के आईजी प्रमोद वर्मा कर रहे हैं, जबकि अन्य दो सदस्य डीआईजी कल्याण चक्रवर्ती और एसपी वाहिनी सिंह हैं.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।