Wipro TJ Robotic Dog: भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI Impact Summit 2026 के दौरान AI-संचालित रोबोट डॉग को लेकर एक और विवाद सामने आया है। पहले जहां गलगोटिया University पर चीन में निर्मित रोबोट को अपना बताने का आरोप लगा था, वहीं अब आईटी कंपनी Wipro भी इसी तरह के मामले को लेकर चर्चा में है।
Wipro TJ Robotic Dog: विप्रो के पवेलियन में दिखा एआई रोबोट डॉग
समिट के दौरान मीडिया से बातचीत में विप्रो के एक प्रतिनिधि ने ‘टीजे’ नाम के AI रोबोट डॉग को पेश किया। उन्होंने बताया कि यह रोबोट आपदा, दुर्घटना और अन्य खतरनाक परिस्थितियों में काम करने के लिए बनाया गया है। उनका कहना था कि यह मशीन इंसानों की जगह जोखिम भरे काम कर सकती है और राहत कार्यों में मददगार साबित हो सकती है। हालांकि, बाद में सामने आया कि यह रोबोट वास्तव में चीन की रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री द्वारा बनाया गया मॉडल है, जिसे गो2 AI तकनीक से संचालित किया जाता है। यही मॉडल पहले भी गलगोटिया University द्वारा प्रदर्शित किया गया था।
TJ Robotic Dog: पहले भी उठ चुका है विवाद

समिट के शुरुआती दिनों में गलगोटिया University ने इसी रोबोट को ‘ओरियन’ नाम से पेश किया था। विश्वविद्यालय की प्रोफेसर नेहा सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि यह रोबोट विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा विकसित किया गया है।
लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोगों ने यह पहचान लिया कि यह असल में यूनिट्री का गो2 मॉडल है। इसके बाद विश्वविद्यालय को काफी आलोचना झेलनी पड़ी। बढ़ते विवाद के बाद 17 फरवरी को विश्वविद्यालय ने स्पष्टीकरण जारी किया, लेकिन तब तक मामला काफी बढ़ चुका था। खबरों के मुताबिक, विश्वविद्यालय को एक्सपो क्षेत्र खाली करने के लिए कहा गया।
AI Impact Summit 2026: Wipro ने सीधे तौर पर दावा नहीं किया

विप्रो के मामले में स्थिति थोड़ी अलग बताई जा रही है। मीडिया द्वारा जारी एक वीडियो में कंपनी के प्रतिनिधि ने यह नहीं कहा कि रोबोट उनका खुद का आविष्कार है। हालांकि, जिस तरह से इसे प्रस्तुत किया गया, उससे यह समझा जा सकता है कि यह कंपनी की तकनीक का हिस्सा है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि रोबोट पर ‘टीजे’ नाम की कोई ब्रांडिंग नहीं थी। साथ ही, यूनिट्री और गो2 की मूल ब्रांडिंग को हटाने की कोशिश की गई थी। इसके बावजूद, रोबोट के सिर के बाईं ओर ‘ओ2’ की पहचान मौजूद रही, जिससे इसके असली निर्माता की पहचान सामने आ गई।
AI Summit 2026: समिट में जुटे Global Expert
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 एक पांच दिवसीय कार्यक्रम है, जो 16 से 20 फरवरी तक चल रहा है। इस आयोजन में शिक्षाविद, नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, स्टार्टअप संस्थापक और उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। इसका उद्देश्य एआई तकनीक के विकास और उसके प्रभाव पर चर्चा करना है।
पारदर्शिता पर उठे सवाल
रोबोट डॉग को लेकर हुए इन घटनाक्रमों ने तकनीकी प्रदर्शनों में पारदर्शिता और ईमानदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब एआई और रोबोटिक्स जैसी उन्नत तकनीकों की बात होती है, तो सही जानकारी और स्पष्ट दावों का होना बेहद जरूरी है। इस पूरे मामले ने यह दिखा दिया है कि किसी भी तकनीकी उत्पाद को पेश करते समय उसकी असली पहचान और स्रोत को छिपाना विवाद को जन्म दे सकता है। अब देखना होगा कि इस विवाद के बाद आयोजक और संबंधित संस्थान आगे क्या कदम उठाते हैं।
यह भी पढ़ें: AI Impact Summit में शामिल होने दिल्ली पहुंचे Google CEO सुंदर पिचई, की पीएम मोदी से मुलाकात


Download Android App
Download iOS App




