मुरैना : मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक महिला के एक साथ चार बच्चियों को जन्म देने का मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में कल समय से पूर्व जन्मीं इन चारों बच्चियों का वजन कम होने से उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है।
चिकित्सालय सूत्रों ने बताया कि सबलगढ़ के ग्राम राम पहाड़ निवासी सपना (25) पत्नी अमर सिंह राठौर को प्रसव पीड़ा के बाद कल प्रसूता वार्ड में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की गहन देखरेख में उसने एक साथ चार बेटियों को जन्म दिया। सभी का वजन 1200 सौ ग्राम के करीब है।
महिला को पहले से तीन बेटियां हैं। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राकेश शर्मा के अनुसार नवजातों का वजन कम होने से उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है, इसलिये सभी को ऑक्सीजन दी जा रही है। हालत चिंताजनक है, लेकिन उन्हें बचाने के भरसक प्रयास किये जा रहे हैं।
मुरैना जिला अस्पताल में इसके पहले 13 दिसंबर को सबलगढ़ की ही ग्राम किशोरगढ़ निवासी महिला गिरिजा जादोंन ने एक साथ तीन बेटों को जन्म दिया था। इन नवजातों का वजन भी बेहद कम होने के कारण उन्हें भी गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ ।


Download Android App
Download iOS App



