नई दिल्ली, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को लेकर बड़ी बातें कहीं। पीएम मोदी की बातों को केंद्रीय श्रम और रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
केंद्रीय मंत्री ने पीएम मोदी की बातों को साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हम 2036 में ओलंपिक के मजबूत दावेदार बनकर आगे बढ़ रहे हैं और 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स को भारत होस्ट करने वाला है। हम गरीब और मिडिल क्लास परिवारों की चिंता करते हुए, युवाओं के लिए विभिन्न परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग प्रदान करेंगे। आने वाले एक वर्ष में 1 करोड़ युवाओं को एआई स्किल के लिए ट्रेनिंग देने का हम काम करेंगे। मैं देश के नौजवानों को कहना चाहता हूं, आप अपने सपने लेकर के आइए, संसाधनों की कमी नहीं रहने देंगे।”
बता दें कि इस बार पीएम मोदी ने लगातार 13वीं बार स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विकास यात्रा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए “सप्तधारा” या “सप्त शक्ति” का मंत्र दिया। इस सप्त धारा की शक्ति में भविष्य की सोच और आने वाले समय के लिए भारत की महत्वाकांक्षाओं के बड़े पैमाने को दर्शाया गया है, जो आने वाले वर्षों में देश की प्रगति, आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की दिशा तय करेगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि ‘सप्त धारा’ की पहली शक्ति मैन्युफैक्चरिंग पावर है, जबकि दूसरी शक्ति कृषि और खाद्य उत्पादन, तीसरी शक्ति प्रौद्योगिकी और नवाचार, चौथी शक्ति गति शक्ति, पांचवी शक्ति रक्षा बल, छठी शक्ति ग्रीन इकॉनमी व ब्लू इकॉनमी और सप्त धारा की 7वीं धारा भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ है।
उन्होंने कहा कि हमें मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को बहुत आगे बढ़ाना होगा। प्रोडक्शन बढ़ाने के साथ-साथ हमें छोटे-छोटे पुर्जे भी बनाने हैं और बड़े-बड़े प्रोडक्ट भी बनाने हैं। पूरा वैल्यू चेन हमारा होना चाहिए। डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक भारत को ग्लोबल सप्लाई चेन का केंद्र बनना होगा।
–आईएएनएस
एसडी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



