डीएसपी मोहम्मद अयूब पंडित को पीट-पीटकर मार देने की घटना के संबंध में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिरीक्षक मुनीर खान ने बताया कि अयूब पंडित की हत्या में शामिल एक आतंकवादी 12 जुलाई को मुठभेड़ में मार गिराया गया था। 22 जून को जामिया मस्जिद के बाहर भीड़ ने उनको मारा डाला था। मुनीर खान ने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है, कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
अभी तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सज्जाद अहमद गिलकर नाम का आतंकवादी 12 जुलाई को बडगाम के रेडबुग इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच तेजी से चल रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस इस अपराध में शामिल बाकी हमलावरों की पहचान करने के लिए कड़े प्रयास कर रही है। इस बर्बर अपराध से संबंधित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।
लोहे की छड़ जिससे अधिकारी को मारा गया, उनका पहचान पत्र, सर्विस रिवॉल्वर और सेल फोन को क्षतिग्रस्त हालत में पुलिस ने बरामद कर लिया है। मुनीर खान ने कहा कि दूसरे मामलों से इतर समाज के विभिन्न तबकों ने इस घटना की व्यापक निंदा की थी।
आम जनता और प्रत्यक्षदर्शी जांच में मदद करने और अहम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए खुद आगे आए। इससे हम सही दिशा में आगे बढ़े। शुरुआती चरण में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद उनसे पूछताछ की गई थी। जिसके बाद में गिरफ्तारियां की गईं और सबूत बरामद किए गए।


Download Android App
Download iOS App



