जम्मू & कश्मीर में श्रीनगर के बाहरी इलाके में मुठभेड़ में मारे गये दो आतंकवादियों के शवों के साथ सेना के जवानों द्वारा अपमानजनक व्यवहार किए जाने संबंधी वीडियो पर संज्ञान लेते हुए सेना ने आज कहा कि जांच के बाद संबंधित जवानों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा कि सेना ने वीडियो का संज्ञान लिया है और जांच के बाद संबंधित जवानों के विरुद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी। फेसबुक और व्हाट््सऐप समेत विभिन्न सोशल मीडिया साइटों पर कुछ सैनिकों का एक वीडियो वायरल होने के बाद सेना की यह प्रतिक्रिया आई है। इस वीडियो में सेना के जवानों को आतंकवादियों के शवों पर चलते और शवों को मुठभेड़ स्थल से घसीटकर लाते दिखाया गया है।
इस विडियो पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और अलगाववादी संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और दोषी जवानों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि गुरुवार को श्रीनगर के बाहरी इलाके में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तान निवासी लश्कर-ए-तैयबा प्रमुख अबू इस्माइल और उसका सहयोगी अबू कासिम मारा गया था। इस्माइल जुलाई में अमरनाथ यात्रियों की बस पर हुए हमले में शामिल था।


Download Android App
Download iOS App



