जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी (जेकेएपी) के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी की प्राथमिकता जम्मू और कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल किये जाने और केन्द्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव कराने की है। उन्होंने कहा कि केवल देश की संसद या उच्चतम न्यायालय ही अनुच्छेद 370 और 35-ए को बहाल कर सकते है।
बुखारी ने यहां अपनी पार्टी की पहली वर्षगांठ के मौके पर पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं सपनों का व्यापारी नहीं हूं … हम केवल हासिल की जाने वाली चीजों के बारे में बात करते हैं। हमारी प्राथमिकता जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किये जाने और विधानसभा चुनाव कराने की है।’’ उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में प्रत्येक व्यक्ति चाहता है कि राज्य का दर्जा बहाल किया जाये। उन्होंने कहा, ‘‘अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35-ए हमारे लिए सिर्फ संख्या नहीं थे। वे हमारी भावनाओं का प्रतीक थे। हालांकि, केवल संसद या उच्चतम न्यायालय ही इन प्रावधानों को बहाल कर सकते हैं।’’ बुखारी ने जम्मू और कश्मीर में नौकरशाही को ‘‘उनके द्वारा की गई गड़बड़ी’’ के लिए जिम्मेदार ठहराया।


Download Android App
Download iOS App



