अमरनाथ यात्रियों पर कल हुए आतंकी हमले के बावजूद बेखौफ सैकड़ों श्रद्धालु आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना हो गये। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के एक अधिकारी ने बताया कि ‘बम बम भोले’ के जयकारे लगाते हुए तीर्थयात्रियों का नया जत्था आज सुबह परंपरागत पहलगाम और बालटाल से अपनी इस कठिन यात्रा के लिए रवाना हो गये।
अधिकारी ने बताया, ‘यात्रा सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है और आतंकी हमला तीर्थयात्रियों के उत्साह को कम नहीं कर पाया है। आज सुबह रवाना होने वाले तीर्थयात्रियों की सही संख्या का पता अभी तक नहीं चल पाया है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में कल रात हुए एक आतंकी हमले में सात तीर्थयात्रियों की मौत हो गयी और 19 अन्य घायल हो गये।
अनंतनाग और गांदेरबल जिलों में क्रमश: पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों की तरफ जाने वाले सभी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुन: ऐसी किसी भी घटना को रोकने के लिए पवित्र गुफा मंदिर के मार्ग में अतिरिक्त पुलिस और अद्र्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि कल हुए हमले की जांच शुरू हो गई है और पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



