अनुच्छेद 35 ए की वैधता को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दिए जाने के खिलाफ अलगाववादियों द्वारा आहूत दो दिन की हड़ताल के चलते आज जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। चेनाब घाटी के जिलों रामवन, डोडा और किश्तवाड़ से अनुच्छेद 35 ए के समर्थन में आंशिक हड़ताल और शांतिपूर्ण रैलियों की खबर है।
विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने अनुच्छेद 35 ए को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दिए जाने के खिलाफ दो दिन की हड़ताल का आह्वान किया है। अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू में डेरा डाले तीर्थयात्रियों को आज सुबह भगवती नगर आधार शिविर से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
नेशनल कान्फ्रेंस, पीडीपी, माकपा और कांग्रेस की राज्य इकाई सहित राजनीतिक दल और अलगाववादी अनुच्छेद 35 ए पर यथास्थिति बनाए रखने की मांग कर रहे हैं। इस अनुच्छेद के चलते जम्मू कश्मीर से बाहर के लोग राज्य में कोई भी अचल संपत्ति नहीं खरीद सकते। उच्चतम न्यायालय अनुच्छेद 35 ए की वैधता को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर कल सुनवाई करेगा।
राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के पंजीयक के समक्ष आवेदन दायर कर सूचित किया है कि वह राज्य में आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए चल रही तैयारियों के मद्देनजर सुनवाई पर स्थगन की मांग करने जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित अनुच्छेद के समर्थन में लोगों के समूहों ने गूल, संगलदान और बनिहाल सहित कई स्थानों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किए। पर्वतीय जिलों के कई क्षेत्रों में सड़कों से स्थानीय सार्वजनिक परिवहन नदारद रहा।


Download Android App
Download iOS App



