पूर्व DGP SP वैद्य का बड़ा बयान, भारत को पहलगाम हमले का जवाब इजरायल की तरह देना चाहिए

Summary :

पाकिस्तान की सेना दुनिया का सबसे बड़ा आतंकी संगठन

पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को पाकिस्तान प्रायोजित बताते हुए कहा कि यह सुनियोजित हमला था। उन्होंने कहा कि भारत को इस हमले का जवाब इजरायल की तरह देना चाहिए ताकि पाकिस्तान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़े।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले पर राज्य के पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह सुनियोजित और सोच-समझकर किया गया हमला था, जिसमें पर्यटकों को निशाना बनाया गया। वैद्य ने इसे पाकिस्तान प्रायोजित एक बड़ा आतंकी षड्यंत्र करार देते हुए कहा कि यह हमला किसी सामान्य आतंकी गतिविधि का हिस्सा नहीं बल्कि एक सुव्यवस्थित और योजनाबद्ध हमला था। एसपी वैद्य ने इसे ‘पुलवामा 2’ करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख द्वारा दो दिन पहले दिया गया उकसाने वाला बयान और उसके बाद हुआ यह हमला, दोनों एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सेना ने पहले से ही इस हमले की नींव रख दी थी, और यहां तक कि उनके स्पेशल सर्विस ग्रुप (एसएसजी) कमांडो को गांवों में भेजा गया ताकि इस तरह के हमले को अंजाम दिया जा सके। उन्होंने कहा कि हाल ही में हमास के एक नेता का पीओके में आना भी इसी साजिश का हिस्सा था और यह कोई सामान्य घटना नहीं थी।

पहलगाम आतंकी हमले का कड़ा जवाब देना चाहिए: अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

पूर्व डीजीपी एसपी वैद्य ने यह भी कहा कि भारत को इस हमले का जवाब इजरायल की तरह देना चाहिए ताकि पाकिस्तान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़े। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान की सेना दुनिया का सबसे बड़ा आतंकी संगठन है और अब समय आ गया है जब भारत को पाकिस्तान को चार टुकड़ों में बांटने के लिए निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए।”

उन्होंने कहा कि भारत को अब “करो या मरो” की नीति अपनानी होगी और पाकिस्तान को ऐसा सबक सिखाना होगा जिसे वह कभी भूल न सके। एसपी वैद्य ने गृहमंत्री अमित शाह के कश्मीर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वह सभी एजेंसियों को इस संबंध में निर्देश देंगे और भारत हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.