जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती सरकार से भाजपा के अलग होने के बाद कांग्रेस ने उस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा की सत्ता भूख ने राज्य को आतंक की आग में झोंक दिया और अब नया खेल खेलने के लिए उसने नया मुखौटा लगा लिया है।
पार्टी ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर में पीडीपी के साथ हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ”भाजपा की सत्ता की भूख ने जम्मू कश्मीर को आतंक की आग में झोंक दिया। चार वर्षों में 373 जवान शहीद, 239 नागरिक मारे गए। देश को क्या हासिल हुआ?”
उन्होंने कहा, ”इसे कहते हैं – सब कुछ लुटा के होश में आये तो क्या किया…खुद ही लगा के आग तमाशाई बन गए। आज फिर उसने नया खेल खेलने के लिए नया मुखौटा लगा लिया।” इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पीडीपी के साथ हाथ मिलाने का सवाल ही नहीं उठता।
आजाद ने कहा कि भाजपा ने पीडीपी के साथ गठबंधन सरकार बनाकर ‘बहुत बड़ी गलती’ की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है और उसे पीडीपी के साथ गठबंधन नहीं करना चाहिए था। आजाद ने कहा, ”क्षेत्रीय पार्टियों को आपस में गठबंधन के लिए छोड़ दिया जाना चाहिए था।”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस गठबंधन ने राज्य को आर्थिक और सामाजिक रूप से तबाह कर दिया और जम्मू-कश्मीर को ‘बदहाली’ की स्थिति में छोड़ दिया। गौरतलब है कि भाजपा आज पीडीपी से अलग हो गई और उसने गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



