जम्मू में ईसाई समुदाय के सदस्यों ने हाल ही में आए टीवी शो के दौरान कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के लिए अभिनेत्री रवीना टंडन, निर्देशक-कोरियोग्राफर फराह खान और हास्य कलाकार भारती सिंह के खिलाफ रविवार को विरोध प्रदर्शन किया।
अधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने शहर के शहीदी चौक पर इकट्ठा होकर बॉलीवुड हस्तियों के खिलाफ नारेबाजी की और उन पर ईशनिंदा का आरोप लगाया। महिलाओं सहित कई प्रदर्शनकारियों ने एक शांतिपूर्ण मार्च निकाला और बाद में शांतिपूर्ण तरीके से तितर-बितर हो गए।
धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में तीनों हस्तियों के खिलाफ पंजाब में एक सप्ताह के भीतर दूसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
क्रिसमस की पूर्व संध्या पर प्रसारित शो को लेकर महाराष्ट्र के बीड शहर में भी उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
फराह खान ने शुक्रवार को ट्वीट किया, “मैं सभी धर्मों का सम्मान करती हूं और किसी भी धर्म का अनादर करना मेरा उद्देश्य कभी नहीं था। रवीना टंडन, भारती सिंह और पूरी टीम की तरफ से हम लोगों से माफी मांगते हैं।”
टंडन ने भी ट्वीट किया, “मैंने ऐसा कोई शब्द नहीं कहा जिससे किसी धर्म का अनादर हो। हम तीनों(फराह खान, भारती सिंह और मैं) का किसी धर्म का अपमान करने का कोई उद्देश्य नहीं था। अगर कोई आहत हुआ है तो हम तहेदिल से उनसे माफी मांगते हैं।”


Download Android App
Download iOS App



