जम्मू & कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सुंजवां सैन्य शिविर पर हुए आतंकवादी हमले में शहीद छह सैनिकों में से चार सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज आयोजित हुए कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू हवाईअड्डे पर महबूबा मुफ्ती ने मंत्रिमंडल के सदस्यों और वरिष्ठ सैन्य व पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर शहीदों के पार्थिव शरीर पर फूलों की माला चढ़ाई।
जैश-ए-मोहम्मद संगठन के कुछ आतंकवादियों ने शनिवार को यहां सुंजवां स्थित सेना के शिविर के भीतर एक आवासीय क्वार्टर पर हमला कर दिया था। इस हमले में छह सैनिकों समेत सात लोग मारे गए थे और 10 अन्य घायल हो गए थे।
सेना की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के तीन हथियारबंद आतंकवादी भी मारे गए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह, मंत्री अब्दुल हक खान और चौधरी जुल्फिकार, राज्य भाजपा अध्यक्ष व विधायक सत शर्मा समेत कई लोग मौजूद थे।
प्रवक्ता ने बताया कि सेना व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कल समस्त सैन्य सम्मान के साथ कठुआ निवासी जेसीओ मदन लाल चौधरी का उनके गांव में दाह संस्कार किया गया जबकि उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के हवलदार राकेश चंद्र का शव कल रात ही गोलीबारी वाले स्थान से बरामद किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के परिवार के सदस्यों से बातचीत की व उन्हें सांत्वना दी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



