पिता के डर से भागा युवक, फांदने लगा CM उमर अब्दुल्ला के आवास की दीवार, SSG ने मौके पर दबोचा

Summary :

CM Omar Abdullah Residence: जम्मू में 21 वर्षीय तिलक राज ने पुलिस चौकी से भागते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास की पिछली दीवार फांदने की कोशिश की। SSG जवानों ने उसे तुरंत पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, युवक पिता के गुस्से से डरकर भागा था और उसका किसी को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं था। पूछताछ के बाद उसे जमानत पर छोड़ दिया गया।

CM Omar Abdullah Residence: जम्मू के वजारत रोड इलाके में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास की सुरक्षा में उस समय हलचल मच गई, जब एक युवक ने परिसर की पिछली दीवार फांदकर अंदर जाने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने युवक को तुरंत पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। युवक की पहचान रियासी जिले की कटरा तहसील के काकरयाल गांव निवासी 21 वर्षीय तिलक राज के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे जमानत पर छोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक, तिलक राज 3 सितंबर को अपने एक दोस्त के साथ जम्मू आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे नशे की हालत में पकड़ लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे गुज्जर नगर पुलिस चौकी ले जाया गया। पुलिस ने घटना की जानकारी तिलक राज के परिवार को दी। इसके बाद 4 सितंबर को उसके पिता उसे छुड़ाने के लिए गुज्जर नगर पुलिस चौकी पहुंचे।

फांदने लगा मुख्यमंत्री आवास की दीवार

पुलिस के अनुसार, तिलक राज के खिलाफ दर्ज मामला जमानती था। पुलिस ने उसके पिता से कहा कि जमानत के लिए किसी स्थानीय व्यक्ति की जरूरत होगी। इसके बाद उसके पिता स्थानीय जमानतदार की व्यवस्था करने के लिए पुलिस चौकी से बाहर चले गए। इसी दौरान तिलक राज को डर लगा कि उसके पिता उससे नाराज होंगे। इसी डर के कारण उसने पुलिस चौकी से भागने का फैसला किया। भागते समय वह उस रास्ते की ओर चला गया, जो मुख्यमंत्री के सरकारी आवास से सटा हुआ है।

गुज्जर नगर पुलिस चौकी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास के बिल्कुल पास स्थित है। पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में तिलक राज ने मुख्यमंत्री आवास की पिछली दीवार फांदने की कोशिश की। आवास की सुरक्षा में तैनात स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) के जवानों की नजर तुरंत उस पर पड़ गई। सुरक्षाकर्मियों ने युवक को वहीं पकड़ लिया। इसके बाद उसे वापस गुज्जर नगर पुलिस चौकी ले जाया गया।

घुसपैठ का मामला भी दर्ज

मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तिलक राज के खिलाफ घुसपैठ का एक और मामला दर्ज किया। इसके बाद उससे पूछताछ की गई और यह पता लगाने की कोशिश की गई कि आखिर वह मुख्यमंत्री आवास की ओर क्यों गया था। पूछताछ में पुलिस के सामने जो बात आई, उसके अनुसार,  युवक का मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला या आवास में मौजूद किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।

पुलिस जांच में सामने आया कि तिलक राज अपने पिता के गुस्से से डर गया था। इसी वजह से वह पुलिस चौकी से भागना चाहता था। भागने के दौरान उसने मुख्यमंत्री आवास की पिछली दीवार फांदने की कोशिश कर दी। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया।

यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के डोडा में VPN पर बड़ा एक्शन! दो महीने तक इस्तेमाल पर लगी पूरी रोक

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।