J&K : कांस्टेबल जावेद अहमद डार को अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब

Summary :

NULL

शोपियां : जम्‍मू एवं कश्‍मीर पुलिस के कांस्‍टेबल जावेद अहमद डार को अंतिम विदाई देने शुक्रवार को पूरा शोपियां उमड़ पड़ा। यहां मौजूद लोगों की आंखें जहां डार के लिए नम थीं, वहीं इन आंखों में आतंकियों के लिए गुस्‍सा भी साफ नजर आ रहा था, जो लगातार अपनी कायराना हरकतों से यहां सैन्‍य व पुलिस अधिकारियों को निशाना बना रहे हैं।

कांस्‍टेबल डार को आतंकियों ने गुरुवार को उस वक्‍त अगवा कर लिया था, जब वह मेडिकल की एक स्‍टोर से अपनी बीमार मां के लिए दवा खरीदने गए थे। उनका शव शुक्रवार को कुलगाम के परिवान इलाके से मिला। यह बीते कुछ समय में इस तरह की दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले आतंकियों ने सेना के जवान औरंगजेब का अपहरण कर उनकी भी हत्‍या कर दी थी।
औरंगजेब को भी आतंकियों ने उसी इलाके से अगवा किया था, जहां से डार को अगवा किया गया। प्रत्‍यक्षदर्शियों का कहना है कि हथियारों से लैस तीन से चार आतंकी एक कार में सवार होकर पहुंचे और डार को जबरन अपने साथ बिठकर ले गए।

डार का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके घर लाया गया, जहां एक बूढ़ी मां को बड़ी बेसब्री से अपने बेटे का इंतजार था। वह जानती हैं कि अब उनका जवान बेटा इस दुनिया में नहीं है, पर मां का दिल इसे मानने, यकीन करने को तैयार नहीं है।बेटे का शव देखते ही मां बिलख-बिलखकर रो पड़ी। पहले से ही गमगीन माहौल और गमजदा हो गया। हर तरफ उदासी और आंखों में नमी के बीच इन्‍हीं चेहरों पर आतंकियों के लिए गुस्‍सा भी साफ नजर आया।

Desk Team