जम्मू : घाटी में खराब मौसम के चलते आज लगातार तीसरे दिन जम्मू से अमरनाथ की तीर्थयात्रा स्थगित रही। इसके चलते हजारों श्रद्धालु बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों में फंसे हुए हैं। वार्षिक यात्रा का प्रबंधन करने वाले श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि अमरनाथ जाने वाले जत्थे को आज तीसरे दिन जम्मू से रवाना होने की इजाजत नहीं दी गई। यह जत्था आम तौर पर तड़के जम्मू से रवाना हो जाता है। घाटी के दो आधार शिविरों में भीड़ बढ़ने से रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले आधार शिविरों में रोका गया है। इनमें बालटाल , नुनवान – पहलगाम , शेषनाग और पंजतरणी आधार शिविर शामिल हैं। इन मुश्किल रास्तों पर पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के चलते भूस्खलन और चट्टानों के गिरने की घटना सामने आ रही है। अधिकारी ने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष राज्यपाल एन एन वोहरा स्थिति का जायजा लेने के लिए आज इन आधार शिविरों का दौरा करेंगे। भारी बारिश के चलते बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों पर बुधवार से यात्रा स्थगित है।


Download Android App
Download iOS App



