भाजपा नेता राममाधव ने संशोधित नागरिकता कानून को लेकर देश भर में चल रहे प्रदर्शन और हिंसा को ‘‘राजनीतिक और सांप्रदायिक षड्यंत्र’’ करार दिया और इसके लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया। उन्होंने राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) का मुद्दा उठाने के लिए विपक्ष पर प्रहार किया और कहा कि यह ‘‘संप्रग का मूल विचार’’ है।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह (सीएए-एनपीआर पर हिंसा) राजनीतिक, सांप्रदायिक षड्यंत्र है। हम इसके लिए विपक्षी और सांप्रदायिक ताकतों की निंदा करते हैं।’’ उन्होंने आरोप लगाए कि देश की वर्तमान स्थिति विपक्षी दलों और कुछ सांप्रदायिक ताकतों के ‘‘गलत सूचना अभियान’’ के कारण है।
विपक्षी दलों और खासकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को भाजपा के साथ राजनीतिक लड़ाई लड़नी चाहिए न कि सरकार की शाखाओं और विशेषत: पुलिस को निशाना बनाना चाहिए। एनपीआर के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना करते हुए माधव ने कहा, ‘‘एनपीआर (कांग्रेस नीत) संप्रग का मूल विचार है। पहली बार इसे संप्रग के शासन काल में शुरू किया गया। पहला कार्ड संप्रग सरकार ने जारी किया था।’’ उन्होंने कहा कि एनपीआर सरकार द्वारा की जाने वाली नियमित प्रक्रिया है।


Download Android App
Download iOS App



