श्रीनगर : नेशनल कॉन्फ्रेंस ने गुरुवार को कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर में ‘‘हालात सामान्य’’ होने के अपने दावे पर मुहर लगवाने वाले के लिए जिस तरह से विभिन्न देशों के राजनयिकों को यहां लायी है, उससे वह ‘‘निराश’’ है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राजनयिकों का घाटी दौरा योजनाबद्ध है जिसमें केवल उन्हें ऐसे चुनिंदा लोगों से मिलवाया गया जो सरकार के रुख के अनुरूप बोलते हैं। उसने कहा, ‘‘ घाटी में हालात सामान्य होने के केन्द्र के दावे का समर्थन करवाने के लिए विदेशी राजदूतों को जिस तरह घाटी लाया गया, उससे नेशनल कॉन्फ्रेंस निराश है।’’
पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘‘ नेकां इन राजदूतों से यह पूछना चाहेगी अगर जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य है तो तीन पूर्व मुख्यमंत्री सहित सैकड़ों लोग करीब 160 दिनों से नजरबंद क्यों हैं और पांच महीने से अधिक समय से लोगों को इंटरनेट का इस्तेमाल क्यों नहीं करने दिया जा रहा है ?’’
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा वापस लेने के बाद भारत में अमेरिका के राजदूत केनेथ आई जस्टर समेत 15 देशों के राजनयिक मौजूदा स्थिति का जायजा लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को श्रीनगर पहुंचे। राजनयिकों के इस प्रतिनिधिमंडल में अमेरिका के अलावा बांग्लादेश, वियतनाम, नॉर्वे, मालदीव, दक्षिण कोरिया, मोरक्को और नाइजीरिया के राजनयिक भी शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



