जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने अमरनाथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सरकार की ओर से जारी परामर्श को लेकर किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देकर शांति बनाए रखने की अपील की है। राजभवन ने बयान जारी कर कहा कि सत्यपाल मलिक ने राज्य के मौजूदा हालात को लेकर विभिन्न राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की जिसमें राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और पिपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, पिपुल्स मुवमेंट के नेता शाह फैजल तथा पिपुल्स कांफेरेंस के चैयरमैन सज्जाद लोन सहित पूर्व मंत्री इमरान अंसारी भी शामिल थे।
इस प्रतिनिधिमंडल ने सरकार द्वारा परामर्श जारी कर अमरनाथ यात्री और पर्यटकों से जल्द से जल्द घाटी से निकलने के लिए कहने के बाद यहां के हालात पर चिंता जाहिर की है। राज्यपाल मलिक ने प्रतिनिधिमंडल को बताया है कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा अमरनाथ यात्रियों पर हमले की गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद सुरक्षा को देखते हुए यह परामर्श जारी किया है।
इससे पहले शुक्रवार को सेना ने प्रेस वार्ता कर बरामद किए गए हथियार और गोला बारुद दिखाए थे। सत्यपाल मलिक ने कहा कि सुरक्षा बल इस मामले को पूरी तरह से देख रहे हैं और कोई भी आतंकवादी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाएगा। इसी कारण यात्रियों को परामर्श जारी किया गया था। राज्यपाल मलिक ने राजनीतिक पार्टी के नेताओं से मामले की गंभीरता को समझते हुए सरकार के कदम का समर्थन करने और किसी भी अफवाह को फैलाने की बजाए राज्य में शांति कायम रखने के लिए कहा है।


Download Android App
Download iOS App



