श्रीनगर : चुनाव आयोग ने सोमवार को जम्मू कश्मीर में राज्य विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव साथ में कराने की व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए राज्य का दो दिवसीय दौरा शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा की अध्यक्षता वाले चुनाव आयोग के दल ने श्रीनगर पहुंचने के तत्काल बाद राजनीतिक दलों के साथ चर्चा का दौर शुरू किया।
उन्होंने कहा कि यह दल राज्य सरकार के अधिकारियों से, पुलिस अधीक्षकों और उपायुक्तों से मिलेगा और राज्य में सुरक्षा स्थिति के संबंध में उनसे जानकारी लेगा। अधिकारियों के मुताबिक यह टीम बाद में जम्मू के लिए रवाना होगी और मंगलवार को वहां भी इस तरह की बैठकें करेगी।
राज्य में 20 दिसंबर, 2018 से राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है। इससे पहले छह महीने तक राज्य में राज्यपाल शासन लगा हुआ था। कश्मीर में लगभग सभी राजनीतिक दलों ने राज्य विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनावों के साथ कराने की वकालत की है लेकिन चुनाव आयोग भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े हुए तनाव की मौजूदा स्थिति में जमीनी हालात का आकलन करना चाहता है।


Download Android App
Download iOS App




