पीडीपी के पूर्व नेता और जम्मू कश्मीर में पुलवामा निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे मोहम्मद खलील बंध रविवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस में शामिल हो गए।
नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
पीडीपी के संस्थापक सदस्य बंध ने वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए बुधवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था ।
लगातार तीन बार 2002, 2008 और 2014 में पुलवामा से राज्य विधानसभा के लिए निर्वाचित बंध पीडीपी के पुलवामा जिला अध्यक्ष भी थे।
राज्य में जून 2018 में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार के गिरने के बाद पीडीपी से आठ विधायक इस्तीफा दे चुके हैं । अल्ताफ बुखारी, हसीब द्राबू, बशारत बुखारी, इमरान अंसारी, आबिद अंसारी और अब्बास वानी (सभी पूर्व विधायक) सहित अन्य नेता पार्टी छोड़ चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



