कश्मीर के नौगाम क्षेत्र में बृहस्पतिवार को भाजपा नेता के घर पर लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकवादियों ने हमला किया, जिसमें उनके सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। कश्मीर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने बताया कि चार आतंकवादियों में से दो की पहचान कर ली गई है और दोनों श्रीनगर शहर के रहने वाले हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि हमलावरों को जल्द ही मार गिराएंगे। कुमार ने बताया कि चार में से एक आतंकवादी बुर्का पहनकर आया था और भाजपा नेता अनवर अहमद के घर का मुख्य दरवाजा खुलवाने के लिए उसने गार्ड से महिला की आवाज में बात की।
पुलिस नियंत्रण कक्ष में शहीद पुलिस कर्मी रमीज रजा को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम से इतर आईजीपी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘मुख्य दरवाजे पर एक संतरी था जबकि दो पुलिस कर्मी गार्ड रूम में थे। सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट है कि बुर्का पहनकर आए एक आतंकवादी ने मुख्य दरवाजा खटखटाया और महिला की आवाज में दरवाजा खोलने को कहा।’’
कुमार ने कहा कि संतरी ने जब दरवाजा खोला तो दो अन्य आतंकवादियों ने अंधाधुंध उसपर गोलीबारी शुरू कर दी जबकि चौथा उसकी राइफल के साथ चंपत हो गया। उन्होंने बताया, ‘‘आतंकवादी आए और अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे जवान की मौके पर ही मौत हो गई।’’
आईजीपी ने बताया कि चार में से दो आतंकवादियों की पहचान हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘शुरुआत में हमें लगा कि बुर्का पहना व्यक्ति महिला है लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज का करीब से विश्लेषण करने से पता चला कि वह भी पुरुष है न कि महिला। चार आतंकवादियों में से दो की पहचान कर ली गई है और वे श्रीनगर शहर के रहने वाले हैं।’’
उन्होंने बताया, ‘‘ वे लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हैं। उनमें से एक शाहिद खुर्शीद डार है जो चनापुरा का रहने वाला है। दूसरे आतंकवादी का नाम उबैद शफी डार है। दोनों पिछले साल चार अन्य के साथ लश्कर में शामिल हुए थे।’’ आईजीपी ने कहा, ‘‘पुख्ता खुफिया सूचना मिलते ही हम उन्हें मार गिराएंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



