अनुच्छेद 370 हटाए जाने की दूसरी वर्षगांठ पर गुपकर गठबंधन की बैठक, महबूबा मुफ्ती समेत कई नेता शामिल

Summary :

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने की दूसरी वर्षगांठ पर गुपकर घोषणापत्र गठबंधन (पीएजीडी) की एक बैठक नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के आवास पर हुई।

जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने की दूसरी वर्षगांठ पर गुरुवार को यहां गुपकर घोषणापत्र गठबंधन (पीएजीडी) की एक बैठक नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के आवास पर हुई। बैठक में गठबंधन के उपाध्यक्ष और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, उसके प्रवक्ता और माकपा नेता एम वाई तारिगामी तथा आवामी नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुजफ्फर शाह शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि अनुच्छेद 370 को हटाए जाने और जम्मू कश्मीर का दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजन किए जाने की दूसरी वर्षगांठ पर स्थिति पर चर्चा करने के लिए बैठक बुलाई गई। पीएजीडी जम्मू कश्मीर में मुख्यधारा के विभिन्न दलों का गठबंधन है।

आर्टिकल 370 हटने की दूसरी वर्षगांठ महबूबा बोली- निरंकुश उत्पीड़न का विरोध करने के अलावा कोई विकल्प नहीं

गौरतलब है कि केंद्र ने पांच अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म कर दिया और पूर्ववर्ती राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया। मुफ्ती और उनकी पीडीपी दो साल पहले केंद्र के कदम का विरोध करने में काफी मुखर रही है। जम्मू कश्मीर पीपुल्स कांफ्रेंस के खुर्शीद आलम ने कहा, ‘‘पांच अगस्त जम्मू कश्मीर के इतिहास में हमेशा मील का एक नकारात्मक पत्थर रहेगा. यह जम्मू कश्मीर के लोगों के लिए एक राजनीतिक और मनोवैज्ञानिक झटका था।’’

Desk Team