जम्मू : जम्मू के बस स्टैंड पर बस में हुए हमले के पीछे आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन का हाथ था जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इसका खुलासा किया है। पुलिस ने बताया कि बस में ग्रेनेड हमला करने वाले यासिर भट्ट को गिरफ्तार कर लिया गया है । उसनेअपना जुर्म कुबूल कर लिया है । पुलिस ने बताया कि यासिर भट्ट ने हिज्बुल कमांडर के कहने पर जम्मू बस स्टैंड पर बस में ग्रेनेड फेंका था । जम्मू कश्मीर में जम्मू के मुख्य बस स्टैंड पर गुरुवार दोपहर ग्रेनेड हमले से हुए विस्फोट में एक की गंभीर हालत में मौत हो गई। जबकि 29 लोग घायल हो गए। घायलों में पांच की हालत गंभीर है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि राज्य की शीतकालीन राजधानी में राज्य सड़क परिवहन निगम के बाहर बस स्टैंड पर ग्रेनेड फेंककर विस्फोट किया गया।
निगम के बाहर बस में हुए हमले के बाद चारों ओर लोग दहशत में अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे जिससे भगदड़ मच गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने हमले की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें 29 लोग घायल हुए हैं जिसमें से पांच की हालत गंभीर है। पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया ‘‘कुछ अज्ञात लोगों ने जनरल बस स्टैंड पर ग्रेनेड हमला किया।
ग्रेनेड फटने से 29 लोग घायल हुए हैं।’’ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इस बीच मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रमण्यम, राज्यपाल के सलाहकार के विजय कुमार, जम्मू के मंडलायुक्त संजीव वर्मा, पुलिस महानिरीक्षक मनीष कुमार सिन्हा घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे वाले क्षेत्र को चारों तरफ से घेर लिया गया है।
हमलावरों का पता लगाने के लिए खोजी कुत्तों की मदद ली जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था बढ़ने के साथ ही जगह-जगह तलाशी ली जा रही है। गौरतलब है कि जेकेएलएफ प्रमुख यासीन मलिक पर पीएसए लगाये जाने के बाद उन्हें गुरुवार को जम्मू के केंद्रीय कारागार स्थानांतरित किया जाना था। पिछले साल भी 29 दिसंबर को जनरल बस स्टैंड पर ग्रेनेड ब्लास्ट की घटना हुई थी जिसमें कोई घायल नहीं हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



