जम्मू कश्मीर के हंदवाड़ा में हिजबुल से जुड़े हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पूर्व आतंकी गिरफ्तार

Summary :

Handwara Hybrid Terrorist Module: हंदवाड़ा में पुलिस, 21 आरआर और सीआरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े संदिग्ध हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने पूर्व आतंकी मंजूर अहमद भट को गिरफ्तार किया। उसके पास से चीन निर्मित पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस बरामद हुए। मामले की जांच जारी है।

Handwara Hybrid Terrorist Module: जम्मू कश्मीर  के हंदवाड़ा इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है।  पुलिस ने 21 राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और 92वीं बटालियन सीआरपीएफ के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े एक संदिग्ध हाइब्रिड आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया है। संयुक्त ऑपरेशन  के दौरान पुलिस ने एक पूर्व आतंकी को गिरफ्तार किया है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गिरफ्तार किए गए संदिग्ध के पास से चीन में बनी एक पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि यह व्यक्ति हंदवाड़ा-कुपवाड़ा इलाके में हाइब्रिड आतंकी के तौर पर एक्टिव  था। सूचना मिलने के बाद हंदवाड़ा पुलिस, 21 राष्ट्रीय राइफल्स और 92वीं बटालियन CRPF ने मिलकर ऑपरेशन  शुरू किया। सुरक्षा बलों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े स्थानों पर निगरानी बढ़ाई और सर्च ऑपरेशन चलाया।

आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा

संयुक्त टीम ने हंदवाड़ा कस्बे में एक चिन्हित जगह पर घेराबंदी की। इसके बाद इलाके में तलाशी ली गई। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान क्रूमूरा, हंदवाड़ा निवासी मंजूर अहमद भट के रूप में हुई है। वह मोहम्मद सुल्तान भट का बेटा बताया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मंजूर अहमद भट का संबंध पहले हिजबुल मुजाहिदीन से रहा है। पुलिस ने उसे पूर्व आतंकी बताया है। अधिकारियों के अनुसार, उसे पहले भी दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब उसके संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी आतंकी गतिविधियों में शामिल था।

नेटवर्क की जांच में जुटी एजेंसियां

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने हंदवाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज की है। यह मामला एफआईआर संख्या 232 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस और जांच एजेंसियां अब पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदिग्ध को हथियार कहां से मिले और वह इन्हें किस उद्देश्य से इस्तेमाल करने वाला था।

इसके अलावा उसके संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार,  जांच आगे बढ़ने के साथ इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों और उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी सामने आ सकती है। सुरक्षा एजेंसियां हंदवाड़ा-कुपवाड़ा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं।

यह भी पढ़ें: पिता के डर से भागा युवक, फांदने लगा CM उमर अब्दुल्ला के आवास की दीवार, SSG ने मौके पर दबोचा

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।