भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रविंदर रैना ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी जम्मू कश्मीर में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से हताश हैं और वे शांति प्रक्रिया बाधित करने की साजिश रच रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि ‘‘खुफिया एजेंसियों’’ ने सूचना दी है कि एक आतंकवादी संगठन ने उन्हें धमकी दी है।
भाजपा की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रैना ने केंद्र शासित प्रदेश में आतंकवादियों द्वारा पार्टी पदाधिकारियों की हत्या की भी निंदा करते हुए कहा कि वे लोगों में डर पैदा करना चाहते हैं। भाजपा ने यह भी दावा किया कि जम्मू कश्मीर में पिछले दो वर्षों में उसके 23 सदस्यों की हत्या की गयी है। इस महीने आतंकवादियों ने 17 अगस्त को कुलगाम में भाजपा पदाधिकारी जावेद अहमद डार और अनंतनाग में 10 अगस्त को गुलाम रसूल डार की हत्या कर दी।
रैना ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘खुफिया एजेंसियों ने मुझे सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ टीआरएफ (द रेजिस्टेंस फ्रंट) के धमकी भरे बयान के बारे में बताया। मुझे सतर्क रहने को कहा गया है। हालांकि, धमकी से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।’’ टीआरएफ पाकिस्तान के आतंकवादी समूह लश्कर-ए-तैयबा की एक शाखा है।
बहरहाल, भाजपा नेता ने कहा कि वह ऐसी धमकियों की परवाह नहीं करते। अप्रैल में उन्हें पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से एक फोन और वीडियो संदेश आया था जिसमें फोन करने वाले ने खुद को लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर बताया था और उन्हें धमकी दी थी।
रैना ने कहा, ‘‘यह भाजपा की खासतौर से घाटी में बढ़ती लोकप्रियता को लेकर पाकिस्तान के आतंकवादियों की हताशा को दिखाता है। हाल के मेरे दौरे पर दक्षिण कश्मीर में हजारों लोगों ने मेरा स्वागत किया और हमारी रैलियों में भाग लिया जिससे आतंकवादी समूह हताश हो गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा इस तरह की धमकियों से डरने वाली नहीं है और वह ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मिशन के तहत जम्मू कश्मीर की शांति, प्रगति और विकास के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने बताया कि भाजपा जम्मू कश्मीर में बढ़त बना रही है और जब भी विधानसभ चुनाव होंगे तो वह अगली सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र विरोधी तत्व डरे हुए हैं और उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।’’


Download Android App
Download iOS App



