जम्मू-कश्मीर : महबूबा मुफ्ती ने विरोधी दलों से वार्ता की

Summary :

राज्य में उभरती परिस्थितियों के मद्देनजर अपने पूर्व सहयोगियों सज्जाद लोन और इमरान अंसारी सहित जम्मू-कश्मीर के प्रमुख दलों के प्रमुखों से बातचीत की।

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी की संरक्षक महबूबा मुफ्ती राज्य में हाल में हुई घटनाओं के मद्देनजर सभी दलों को एकजुट करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने अपने धुर विरोधी दल नेशनल कॉन्फ्रेंस के अलावा पीपुल्स कॉन्फ्रेंस और माकपा के साथ वार्ता की है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पीडीपी नेता ने उनसे वार्ता की है और दिल्ली से कश्मीर लौटने पर वह सर्वदलीय बैठक का आयोजन करेंगे। 
अब्दुल्ला ने पीटीआई से फोन पर कहा, ‘‘हां, कल (सोमवार) उन्होंने मुझसे सर्वदलीय बैठक के बारे में बात की। श्रीनगर पहुंचने के बाद मैं बैठक बुलाऊंगा।’’ महबूबा ने ट्विटर पर कहा कि उन्होंने पीपुल्स कॉन्फ्रेंस के नेताओं सज्जाद गनी लोन और इमरान अंसारी से इस बारे में बात की है। 
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में उभरती परिस्थितियों के मद्देनजर अपने पूर्व सहयोगियों सज्जाद लोन और इमरान अंसारी सहित जम्मू-कश्मीर के प्रमुख दलों के प्रमुखों से बातचीत की। इस तरह की सहमति बन रही है कि वर्तमान स्थिति में एकजुटता वाला रुख अपनाया जाए।’’ महबूबा ने सोमवार को फारूक अब्दुल्ला से कहा था कि वह सर्वदलीय बैठक बुलाएं। 

Desk Team