जम्मू-कश्मीर: ईरान में फंसे डोडा के सात भारतीय छात्र, परिजनों में चिंता

Summary :

सभी छात्र मेडिकल की पढ़ाई के लिए ईरान गए थे

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के सात भारतीय छात्र ईरान में फंसे हैं, जहां युद्ध की स्थिति बनी हुई है। उनके परिजनों में चिंता है। जिलाधिकारी हरविंदर सिंह ने आश्वासन दिया है कि सभी छात्रों को सुरक्षित भारत लाया जाएगा। जिला प्रशासन और भारतीय दूतावास मिलकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के रहने वाले सात बच्चे ईरान में फंसे हुए हैं। ईरान और इजरायल के बीच युद्ध की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में इनके परिजन अपने बच्चों को लेकर चिंतित हो गए हैं, जिसे लेकर डोडा जिले के जिलाधिकारी हरविंदर सिंह ने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत की। उन्होंने कहा कि डोडा जिले के सात बच्चे अभी ईरान में फंसे हुए हैं। सभी बच्चे मेडिकल की पढ़ाई के लिए ईरान गए थे। हम उनके परिवार के साथ संपर्क में बने हुए हैं। हमने उन्हें आश्वस्त किया है कि आपके बच्चों को सकुशल भारत लाया जाएगा। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि उनकी सुरक्षा में कोई आंच नहीं आए। मुझे जानकारी मिली है कि अभी उन बच्चों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। उनकी जो भी जरूरत होगी, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की आंच न आए।

उन्होंने कहा कि अभी डोडा जिले के सात परिवारों ने हमसे संपर्क किया और बताया कि हमारे बच्चे ईरान में फंसे हुए हैं। लेकिन, अगर किसी अन्य परिवार के बच्चे भी ईरान में फंसे हुए हैं, तो वो हमसे संपर्क कर सकते हैं। हमने इस संबंध में दूरभाष नंबर भी जारी किया है, जिस पर वो संपर्क कर सकते हैं। हमारी कोशिश है कि ईरान में फंसे किसी भी भारतीय छात्र को कोई दिक्कत नहीं हो।

उन्होंने कहा कि मैं युद्धग्रस्त क्षेत्र में फंसे लोगों से यही कहना चाहूंगा कि आप भारतीय दूतावास से संपर्क करें, जो आपको हरसंभव सहायता दिलाने की दिशा में पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। जिला प्रशासन भी दूतावास से संपर्क में बना हुआ है। हमारी तरफ से पूरी कोशिश की जा रही है कि बच्चों को कोई दिक्कत न आए और सभी सकुशल स्वदेश लौट जाएं।

ईरान-इजरायल युद्ध में अमेरिका की एंट्री, ट्रंप ने दी ईरान को बिना शर्त आत्मसमर्पण की चेतावनी

जिलाधिकारी के मुताबिक, अगर किसी का बच्चा ईरान में फंसा हुआ है और वो इसकी जानकारी जिला प्रशासन को देना चाहता है, तो +91 95967-76203 नंबर पर संपर्क कर सकता है। जिला प्रशासन बच्चों को हर संभव सहायता दिलाने की दिशा में प्रतिबद्ध है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.