जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने कहा-राज्य में इस साल अब तक 180 आंतकवादी ढेर

Summary :

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने श्रीनगर मुठभेड़ में सोमवार को 2 और आतंकवादियों को मार गिराया। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर सैफुल्लाह दनयाली भी शामिल है जो पाकिस्तान का रहने वाला है।

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने श्रीनगर मुठभेड़ में सोमवार को 2 और आतंकवादियों को मार गिराया। इनमें लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर सैफुल्लाह दनयाली भी शामिल है जो पाकिस्तान का रहने वाला है। मारा गया दूसरा आतंकवादी इरशाद पुलवामा का रहने वाला है। जम्मू-कश्मीर के डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि पिछले पांच दिनों में हुए चार ऑपरेशन में 10 आतंकवादी मारे जा चुके हैं और 1 ने सरेंडर कर दिया। 
डीजीपी ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ”पिछले 5 दिन में आतंकवादियों के खिलाफ 4 ऑपरेशन चलाए गए, जिनमें 10 आतंकवादी मारे गए और डोडा में एक आतंकवादी ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिससे पूछताछ चल रही है। आज के ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा कमांडर सैफुल्लाह मारा गया। वह 3 बड़े हमलों में शामिल था, जिनमें सीआरपीएफ के तीन जवानों की जान चली गई थी।”
डीजीपी ने बताया कि इस साल 75 सफल ऑपरेशन में 180 आतंकवादी मारे गए हैं। इसके अलावा 138 आतंकवादी और उनके सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल ऑपरेशनों की सफलता ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से एक तरफ राज्य में आतंकवादी संगठनों में भर्तियों में कमी आई है तो दूसरी तरफ सेना ने सीमा पार से होने वाले घुसपैठ पर काफी हद तक रोक लगा दी है।

Desk Team