जम्मू : जम्मू कश्मीर के रामबन और उधमपुर जिलों में आज भूस्खलन होने के कारण 300 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है जिससे वहां वाहनों का यातायात फिलहाल नहीं हो रहा है। नाशरी, बाली नाला और पैथिंयाल इलाकों में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन से राजमार्ग अवरूद्ध हो गया, जिसके कारण कई वाहन वहां फंस गए।
दो या तीन जगह हुआ भूस्खलन
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने कहा “भारी बारिश के कारण रामबन और पैथिंयाल इलाके के बीच राजमार्ग पर दो या तीन जगह भूस्खलन हो गया।” उन्होंने बताया कि उधमपुर जिले के बाली नाला के पास राजमार्ग पर एक बड़ा भूस्खलन हुआ। वहीं रामबन जिले में नाशरी सुरंग के पास मामूली भूस्खलन हुआ। नाकेबंदी के दौरान राजमार्ग में आ कर मिलने वाले विभिन्न रास्तों पर 150 से अधिक वाहन फंस गये।
बीआरओ के कर्मचारी राजमार्ग से मलबा हटाने में जुटे
उन्होंने बताया कि मशीनों सहित बीआरओ के कर्मचारी राजमार्ग से मलबा हटा कर उसको साफ करने की कोशिश कर रहे है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। यातायात पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण काम बाधित हो रहा है। जम्मू क्षेत्र के कई जिलों में भारी बारिश हुई है जिससे जम्मू के कई इलाकों में पानी भर गया है और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गयी है।


Download Android App
Download iOS App



