एक तरफ देशभर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज है, दूसरी तरफ कश्मीरी पंडितों पर ‘टारगेटेड किलिंग’ का खतरा मंडरा रहा है। उन्हें एक ऑनलाइन धमकी भरे पत्र में ‘अपना तरीका बदलने’ की चेतावनी दी गई थी। इसके साथ ही पत्र में कुछ कर्मचारियों के नाम और फ़ोन नंबर भी दिए गए हैं। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू कश्मीर सरकार ने विभागों को निर्देश दिया है कि कर्मचारियों को छुट्टी पर रखें। जो कर्मचारी घाटी में रह रहे हैं, उन्हें भी बिना वजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। इसको देखते हुए घाटी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
लश्कर ए तैयबा से मिली धमकी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये धमकी भरा पत्र आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़े ग्रुप ने दी है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस पत्र की वास्तविकता और उसके पीछे मौजूद लोगों की पुष्टि नहीं की है। आतंकी संगठन ने कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाने की धमकी दी है। इसके बाद उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सैकड़ों कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम या छुट्टी पर जाने का निर्देश दिया है।
20 अगस्त तक कश्मीर पंडित कर्मचारियों की छुट्टी
खबरों के मुताबिक, एक धमकी भरे पत्र में राजस्व विभाग के छह कश्मीरी पंडित कर्मचारियों के नाम थे। इस पत्र में उनके काम को आतंकवादियों की संपत्तियों पर सरकार की कार्रवाई से जोड़ा गया था। सभी कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। इस धमकी भरे पत्र के मिलने के बाद 20 अगस्त तक कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को छुट्टी दी गई है। इसके अलावा, उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्टेडियम में होने वाले आधिकारिक समारोह की ड्यूटी से भी अलग रखा गया है।
कश्मीर पंडितों पर खतरा
कश्मीर में पंडितों की वापसी के लिए केंद्र सरकार ने 2010 में लगभग 6,000 सरकारी नौकरियां दी थीं। लेकिन 2022 में टारगेट किलिंग ने फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। आतंकियों द्वारा 5 कश्मीरी पंडितों की हत्या के बाद कर्मचारियों ने 7 महीने तक प्रदर्शन किया और जम्मू ट्रांसफर की मांग की। सरकार ने मांग न मानकर उन्हें श्रीनगर और सुरक्षित इलाकों में पोस्टिंग दी। हाल ही में 22 जुलाई को अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी और कुलगाम में धर्म पूछकर छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की हत्या कर दी गई।
3,000 संदिग्ध हिरासत में
आतंकियों की धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। अल्पसंख्यकों और पंडित कर्मचारियों के इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है, और सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मदद करने वाले करीब 3,000 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।


Download Android App
Download iOS App




